The Voice of Bareilly since 2010

भैरव बाबा मंदिर से निकली आदर्श कांवड़, कछला के लिए हुए रवाना

bareillylive@bareillynews:भैरव बाबा मंदिर से निकली आदर्श कांवड़, कछला के लिए हुए रवाना

बरेली। कृष्ण लीला कॉम्प्लेक्स स्थित भैरव बाबा मंदिर से गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के बीच आदर्श कांवड़ राष्ट्र के नाम यात्रा का शुभारंभ किया गया। कांवड़ियों का जत्था कछला गंगाघाट से पवित्र गंगाजल लेने के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे बरेली के बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।


आयोजकों ने बताया कि इस कांवड़ यात्रा का उद्देश्य समाज को एक सकारात्मक और अनुशासित संदेश देना है। यात्रा के माध्यम से यह प्रेरणा दी जा रही है कि कांवड़ यात्रा पूरी श्रद्धा, शांति, अनुशासन और संत-महात्माओं के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में निर्धारित नियमों का पालन करते हुए निकाली जानी चाहिए।

उनका कहना था कि धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और आपसी सौहार्द का संदेश भी प्रसारित होना चाहिए। यात्रा को पवन अरोड़ा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और सभी कांवड़ियों की मंगलमय यात्रा की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के जयघोष लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।


कांवड़ियों के स्वागत एवं विदाई के अवसर पर अनुराग अग्रवाल, पवन अरोड़ा, बृजवासी अग्रवाल, प्रमोद रघुवंशी, विवेक मिश्रा, राहुल, मुकुल सहित अनेक श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से सुरक्षित एवं अनुशासित ढंग से कांवड़ यात्रा संपन्न करने की अपील भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!