आंवला : पन्नी डालकर रह रहे लोगों का आरोप-अपात्रों को मिले मकान

प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान के लिए रिश्वत, प्रधानमंत्री आवास योजना, Bareilly News, bareilly, Aonla,

आंवला (बरेली)। आंवला के निकट के गांव मनौना में एक भाजपा कार्यकर्ता को पीटने का मामला गर्माया हुआ है। इस कार्यकर्ता का आरोप है कि उस पर जानलेवा हमला ग्राम प्रधान की शिकायत करने के कारण किया गया है। उसका कहना है कि ग्राम प्रधान ने विकास कार्यों में अनियमिताएं की हैं, जबकि ग्राम प्रधान पति ने सारे आरोप निराधार बताये हैं।

इन आरोप-प्रत्यारोपों के बीच आज मीडिया कर्मी मनौना गांव पहुंचे और हकीकत जानने की कोशिश की। यहां जो हालात दिखे उनमें इरशाद के सुर में सुर मिलाने वाले ग्रामीण ज्यादा मिले। मनौना में कहीं पन्नी डालकर तो कहीं छप्पर के टूटे-फूटे घरों में किसी तरह बसर करते लोग मिले। लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान के लिए रिश्वत वसूले जाने की भी बात कही। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान ने मनमानी से अपात्रों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाया है, जबकि पात्र परेशान हैं।

गांव की इकरार, परवीन, रोहन जहां, अफसाना, तोहिद आदि ने कहा आवास दिलवाने के नाम पर कुछ लोग उनसे रूपये ले गये किन्तु उनको आवास की सुविधा नहीं मिली। कहा कि जैसे-तैसे कर्ज लेकर उन्होंने सिर छुपाने के लिए पन्नी डाली है। ग्रामवासी सलमा, नत्थो ने बताया कि भारत स्वच्छता अभियान के तहत अभी तक उनको शौचालय भी नहीं मिल सके हैं। गांव में सफाई व्यवस्था भी बदहाल दिखायी दी। पन्नी तानकर रह रहे ग्रामवासियों ने पत्रकारों को बुलाकर अपने घर दिखाये।

वहीं युवा नेता राजकमल चौहान, श्यामेन्द्र सिंह आदि ने बताया कि इरशाद निरन्तर गांव के विकास की लड़ाई लड़ रहा है। उसके साथ हुई घटना अत्यन्त निंदनीय है। इरशाद का हाल लेने भाजपा युवा नेता सुधीश पाण्डेय भी पहुंचे थे। उन्होंने भी इरशाद पर हमले की निन्दा करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

आरोप निराधार, पात्रों को दिया गया लाभ : प्रधान पति

ग्राम प्रधान पति नियाज अहमद पप्पू ने बताया कि इरशाद द्वारा लगाये गये सभी आरोप निराधार हैं। हमारे द्वारा कराये गये विकास कार्यों की जांच व मानकों की जानकारी एवं जनसूचना मांगने का अधिकार सभी को है। इसमें हमें कोई आपत्ति नहीं है।

बताया कि वर्ष 2011 की गणना के अनुसार पात्र लोगों को आवास योजना का लाभ दिया जा चुका है। जो शेष रह गये हैं उनकी भी सूची भेजी जा चुकी है। सरकार की मंशा के अनुरूप उनको भी आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। दावा किया कि समूचे ब्लाक में सर्वाधिक विकास कार्य हमने ही अपने ग्राम में कराये गये हैं।

यह था मामला

बता दें कि मनौना गांव में कुछ दिनों पहले भाजपा के बूथ अध्यक्ष इरशाद अहमद सिद्दीकी को कुछ लोगों ने बेरहमी पीटा था। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल भी हो गये थे और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अपने कार्यकर्ता की पिटाई के बाद पुलिस द्वारा विरोधियों पर की गई कार्रवाई से नाखुश भाजपाईयों ने सीओ व एसडीएम का घेराव भी किया। अस्पताल में इरशाद से मिलने पूर्व मंत्री धर्मपाल िंसंह भी गये थे।

अनियमितताओं की शिकायत करने पर पीटा गया मुझे : इरशाद

इरषाद ने बताया कि वह ग्राम सभा में हुए विकास कार्यों में बरती गई अनियमिताओं की पिछले काफी समय से निरन्तर शिकायत कर रहा था। जनसूचनाओं की एक मोटी फाइल उसने पिछले सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों को सौंपी थी। इसी से नाराज विरोधियों ने उसके साथ में वारदात को अंजाम दिया।

error: Content is protected !!