The Voice of Bareilly since 2010

आंवला में अफीम तस्करी का खुलासा, एक गिरफ्तार; साथी फरार, दो सप्लायरों के नाम भी आए सामने

52 किलो डोडा के साथ पंजाब

bareillylive@bareillynews:: आंवला-रामनगर रोड पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। उसके कब्जे से अफीम, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

आंवला, बरेली। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना आंवला पुलिस ने अवैध अफीम की तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अफीम, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है। कार्रवाई के दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि आंवला-रामनगर रोड पर ग्राम नूरपुर जाने वाले रास्ते में एक खाली कुटिया के पास दो युवक मोटरसाइकिल से अफीम लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी

पुलिस के मुताबिक टीम को देखकर दोनों युवक भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान मुनेन्द्र निवासी कौरवान मार्केट, कुंवरगांव के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान भूपेन्द्र निवासी ग्राम परसिया, बिसौली क्षेत्र के रूप में बताई गई है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से अफीम के अलावा मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है।

पूछताछ में दो सप्लायरों के नाम बताए

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान मुनेन्द्र ने बताया कि वह भूपेन्द्र के साथ मिलकर अफीम बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। पूछताछ में उसने अफीम उपलब्ध कराने वाले दो लोगों के नाम भी बताए।

आरोपी ने परसिया गांव निवासी बृजेश और कुंवरगांव निवासी जुवेर को अफीम उपलब्ध कराने वाला बताया है। पुलिस अब इन आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस ने मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी मुनेन्द्र को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं फरार भूपेन्द्र समेत अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अवैध नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!