bareillylive:bareillynews:मनौना धाम दर्शन को जा रहे बुआ-भतीजे की सड़क हादसे में मौत
बगरैन, बदायूं। वजीरगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मनौना धाम खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जा रहे बुआ-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, वरीपुरा गांव निवासी 22 वर्षीय सत्यम सिंह पुत्र शिवराज सिंह अपनी बुआ महेश्वरी देवी (40), निवासी मुरादाबाद, और छोटी बहन मनु सिंह के साथ बाइक से आंवला थाना क्षेत्र स्थित मनौना धाम खाटू श्याम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे।
रविवार सुबह करीब आठ बजे आंवला-बिसौली मार्ग पर वरीपुरा चौराहे के समीप एक ईंट-भट्ठे के सामने विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सत्यम सिंह और महेश्वरी देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मनु सिंह को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बगरैन चौकी प्रभारी अखिल तोमर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया।
पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। चौकी प्रभारी ने बताया कि आरोपी चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






Leave a Reply