The Voice of Bareilly since 2010

आंवला तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, डीएम अविनाश सिंह ने सुनीं जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

bareillylive@आंवला तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस डीएम अविनाश सिंह ने सुनीं जनसमस्याएं

बरेली@bareillylive:बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील आंवला के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर जनसुनवाई करें। इस दौरान प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

भूमि कब्जे से लेकर पेंशन और मकान गिरने तक की शिकायतें

संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि, चकबंदी, पूर्ति विभाग, आवास, राजस्व, पेंशन और सड़क सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। ग्राम भूड़ा के एक निवासी ने गांव के लोगों पर उनकी भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं, ग्राम घेर करम खां की एक महिला ने विधवा पेंशन नहीं मिलने की समस्या जिलाधिकारी के सामने रखी। इस पर डीएम ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई कर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।

ग्राम सैंधा के एक निवासी ने बताया कि अरिल नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण उनका मकान गिर गया है। टूटे-फूटे मकान में रहना मुश्किल हो रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तहसीलदार को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

गर्भवती महिलाओं की हुई गोदभराई, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सम्मानित

तहसील आंवला में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं आशाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

आपदा पीड़ितों को बांटे सहायता राशि के चेक

संपूर्ण समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना तथा दैवीय आपदा के कारण फसल नुकसान से प्रभावित लोगों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत छह पात्र लाभार्थियों को अंत्योदय राशन कार्ड भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार, उप जिलाधिकारी आंवला सुशील मिश्रा, उप जिलाधिकारी न्यायिक शिव प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!