सेवा संकल्प अभियान के तहत 300 बेड रीजनल अस्पताल में हुआ आयोजन, ‘करो रक्तदान, बचाओ किसी की जान’ का दिया संदेश
बरेली@bareillylive:बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद बरेली के 300 बेड रीजनल अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, चिकित्सकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, महापौर उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, मीरगंज विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, सदस्य विधान परिषद बहरोन लाल मौर्य, सदस्य राज्य महिला आयोग पुष्पा पाण्डेय, प्रशांत पटेल, मंडलायुक्त शंभू कुमार, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लईक सहित अन्य अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने सहभागिता की।
शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करना रहा। इस दौरान ‘करो रक्तदान, बचाओ किसी की जान’ का संदेश भी दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद निर्धारित मानकों और सुरक्षित प्रक्रिया के तहत रक्त संकलित किया। रक्तदान करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र देकर उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान जैसे जनहितकारी अभियानों से जुड़ें और मानव सेवा के इस कार्य में अपनी सहभागिता निभाएं।






Leave a Reply