83 शिक्षण संस्थानों में मास्टर डाटा अपडेट का काम अभी अधूरा, लापरवाही पर डीएम ने जताई नाराजगी
बरेली@bareillylive:बरेली, 15 सितंबर। वित्तीय वर्ष 2026-27 में छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ समय से उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति/जनजाति (SC/ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अल्पसंख्यक सहित सभी वर्गों के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति से संबंधित प्रक्रिया पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश सरकार ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्वदशम (कक्षा 9-10), दशमोत्तर (कक्षा 11-12) तथा उच्च कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का कार्यक्रम जारी कर दिया है। पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जानी है।
21 सितंबर तक कर सकेंगे कक्षा 9-12 के नए छात्र आवेदन
कक्षा 9 से 12 तक के नवीन (Fresh) छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 निर्धारित है, जबकि नवीनीकरण (Renewal) वाले विद्यार्थियों के आवेदन की प्रक्रिया 11 अगस्त से 25 अगस्त तक निर्धारित थी। विद्यालय स्तर पर आवेदनों का सत्यापन एवं अग्रसारण 13 अगस्त से 15 अक्टूबर 2026 तक किया जाना है।
ऑनलाइन आवेदन करने के बाद विद्यार्थियों को उसकी हार्डकॉपी सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करना अनिवार्य होगा।
उच्च कक्षाओं के छात्रों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू
कक्षा 11-12 को छोड़कर उच्च कक्षाओं के नवीनीकरण वाले छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक किए जाएंगे।
वहीं, इन कक्षाओं के नवीन विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं हार्डकॉपी शिक्षण संस्थान में जमा करने की अवधि 15 सितंबर से 31 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित की गई है। नवीन छात्रों के आवेदन के बाद संस्थान स्तर पर बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण और डाटा सत्यापन का कार्य 16 सितंबर से 10 नवंबर 2026 तक किया जाएगा।
संस्थानों को करना होगा बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण
बैठक में बताया गया कि शिक्षण संस्थानों को विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्राप्तांक, पूर्णांक एवं उपस्थिति दर्ज करने के साथ-साथ अपात्र विद्यार्थियों का डाटा निरस्त करना होगा। पात्र विद्यार्थियों के डाटा का सत्यापन कर उसे अग्रसारित भी करना होगा। इसके लिए 15 सितंबर से 25 अक्टूबर 2026 तक की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
इसके अलावा शिक्षण संस्थानों द्वारा छात्रवृत्ति योजना के लिए मास्टर डाटा तैयार करने तथा विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेंसी द्वारा फीस का सत्यापन करने की प्रक्रिया भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जानी है। अल्पसंख्यक वर्ग के निजी क्षेत्र के संस्थानों की मार्किंग का कार्य एनपीसीआई पोर्टल पर 23 जुलाई से 14 सितंबर के बीच किया जाना है।
83 विद्यालयों का प्रोफाइल अपडेट अधूरा
बैठक में मास्टर डाटा प्रोफाइल अपडेशन की समीक्षा के दौरान कई शिक्षण संस्थानों की लापरवाही सामने आई। पूर्वदशम छात्रवृत्ति के लिए जिले के कुल 457 विद्यालयों में से 445 विद्यालय अपना कार्य पूरा कर चुके हैं।
दशमोत्तर छात्रवृत्ति के लिए कुल 304 विद्यालयों में से 280 विद्यालयों ने प्रोफाइल अपडेशन पूरा किया है, जबकि 24 विद्यालयों का कार्य अभी शेष है।
सबसे अधिक लापरवाही दशमोत्तर उच्च कक्षाओं के स्तर पर सामने आई। यहां कुल 261 विद्यालयों में से केवल 214 विद्यालयों ने अपना प्रोफाइल अपडेट किया है।
विभाग के अनुसार शेष विद्यालयों में डाटा अपडेट न होने के प्रमुख कारण कई विद्यालयों का बंद हो जाना तथा कुछ विद्यालयों में विद्यार्थियों का नामांकन न होना बताया गया है। संबंधित विद्यालयों को जल्द से जल्द अपना डाटा अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि छात्रवृत्ति वितरण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
अनुपस्थित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधकों पर नाराज हुए डीएम
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों को छात्रवृत्ति की निर्धारित समय-सारिणी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र विद्यार्थियों को समय से छात्रवृत्ति का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में कुछ अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधकों की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को छात्रवृत्ति प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।






Leave a Reply