The Voice of Bareilly since 2010

बरेली: शिक्षक पर प्लास्टिक के विकेट से दलित छात्रा की कलाई तोड़ने का आरोप, मां ने डीएम से मांगा न्याय

शिक्षक पर विकेट से छात्रा की कलाई तोड़ने का आरोपbareillylive@

जातिसूचक गालियां देने और शिकायत के बावजूद पुलिस पर कार्रवाई न करने का भी आरोप, जिला अस्पताल में एक्सरे से फ्रैक्चर की पुष्टि

बरेली@bareillylive:बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के ग्राम रोंधी स्थित कंपोजिट पब्लिक स्कूल में कक्षा आठ की 13 वर्षीय दलित छात्रा की कथित तौर पर प्लास्टिक के विकेट से पिटाई कर उसकी कलाई तोड़ने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने आरोपी शिक्षक पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने और पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

ग्राम रोंधी निवासी कलावती के अनुसार, पांच अक्टूबर को स्कूल में पीटी की कक्षा के दौरान उनकी बेटी सुमन के हंसने पर शिक्षक श्याम सिंह नाराज हो गए। आरोप है कि शिक्षक ने प्लास्टिक के विकेट से छात्रा के हाथ पर वार कर दिया, जिससे उसकी कलाई में गंभीर चोट आई। घर पहुंचने पर छात्रा ने अपनी मां को घटना की जानकारी दी।

स्कूल पहुंचने पर मां-बेटी को अपमानित करने का आरोप

कलावती का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जब वह स्कूल पहुंचीं और शिक्षक से बात करने का प्रयास किया, तो शिक्षक ने उनके और उनकी बेटी के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और उन्हें वहां से भगा दिया।

थाने और चौकी से नहीं मिला न्याय, एक्सरे में फ्रैक्चर

पीड़िता की मां के मुताबिक, छह अक्टूबर को वह अपने पति के साथ शिकायत लेकर सुभाषनगर थाने और रामगंगा चौकी पहुंचीं, लेकिन उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां मौजूद दरोगा ने भी उन्हें भगा दिया।

इसके बाद सात अक्टूबर को छात्रा का जिला अस्पताल में एक्सरे कराया गया, जिसमें उसकी दाहिनी कलाई में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने छात्रा के हाथ में कच्चा प्लास्टर चढ़ाया।

डीएम से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल, मामले में आरोपी शिक्षक का पक्ष और प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!