The Voice of Bareilly since 2010

श्री विष्णु बाल सदन स्कूल में धूमधाम से मनाया विजयदशमी पर्व, रावण के पुतले का हुआ दहन

प्रबंधक सुधीर कुमार अग्रवाल और प्रधानाचार्या मंजू खत्री ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण व हनुमान जी के स्वरूपों की उतारी आरती; बच्चों और अभिभावकों में दिखा उत्साह

बरेली। कालीबाड़ी स्थित श्री विष्णु बाल सदन जूनियर हाई स्कूल में विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक सुधीर कुमार अग्रवाल और प्रधानाचार्या मंजू खत्री ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूपों की आरती उतारी। तीनों स्वरूप अपनी मनमोहक छवि से सभी का ध्यान आकर्षित कर रहे थे। इस दौरान कुछ अभिभावकों ने स्वरूपों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

प्रधानाचार्या मंजू खत्री ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को विजयदशमी पर्व के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने भगवान श्रीराम द्वारा रावण वध के प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि विजयदशमी का पर्व हमें बुराई का त्याग कर अच्छाई, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में विद्यार्थी, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना की। अंत में शिक्षिकाओं के सहयोग से विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए रावण के पुतले का दहन किया गया। प्रधानाचार्या मंजू खत्री ने सभी को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!