BareillyLive: श्रीहरि मंदिर में आयोजित 66वें विराट भक्ति-ज्ञान वार्षिक श्री राधाष्टमी महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सोनीपत से पधारे श्रद्धेय भैया राजीव शास्त्री महाराज ने अपनी मधुर वाणी और भावपूर्ण भजनों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। उनके भजनों से मंदिर का पूरा प्रांगण राधामय हो उठा।
भजन संध्या में उन्होंने ‘मेरी जिंदगी में क्या था तेरी बंदगी से पहले’, ‘मेरे मन में बसा, नैनों में बसा मेरा रसिया’, ‘श्री राधे लाडली बता दो री, कब होगी कृपा तुम्हारी’, ‘कन्हैया तुम्हें एक नजर देखना है’, ‘अब तो कृपा करो श्री राधे’ और ‘तेरी रहमत की चार बूंद का यह दास हकदार क्यों नहीं होता’ सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति दी। श्रद्धालुओं ने ‘श्री राधे-राधे’ का संकीर्तन करते हुए भजनों का आनंद लिया। ‘मेरे प्यारो वृंदावन, मेरे न्यारे वृंदावन’ जैसे भजनों पर भक्त भावविभोर होकर झूमते नजर आए।
श्रद्धेय भैया राजीव शास्त्री महाराज ने कहा कि जब तक व्यक्ति के पुण्य उदय नहीं होते, तब तक उसे सत्संग, कथा और मंदिर जाने का अवसर नहीं मिलता। पूर्व जन्म के पुण्यों के प्रभाव से इस जन्म में सत्संग प्राप्त होता है, जबकि इस जन्म के सत्कर्म अगले जन्म को सफल बनाते हैं। उन्होंने कहा कि जब मन में मंदिर, कथा या वृंदावन जाने की इच्छा जागृत हो, तो समझ लेना चाहिए कि भगवान की कृपा प्राप्त हो रही है।
महोत्सव के अंतर्गत सोमवार सुबह धार्मिक सेवा समिति से जुड़े सभी मंदिरों के महिला मंडलों द्वारा संकीर्तन किया गया। श्री रामायण मंदिर, श्री बांके बिहारी मंदिर, श्री दरगाह मंदिर और श्री सनातन धर्म मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों की महिला मंडल सदस्यों ने श्री युगल सरकार के चरणों में भक्ति-भाव से अपनी हाजिरी लगाई। श्रीहरि मंदिर महिला मंडल की अध्यक्ष रेनू छाबड़ा और उपाध्यक्ष कंचन अरोड़ा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
मंदिर समिति के सचिव रवि छाबड़ा ने बताया कि मंगलवार की भजन संध्या में दिल्ली से पधारे भजन सम्राट श्री महावीर शर्मा भजनों के माध्यम से श्री युगल जोड़ी सरकार के चरणों में अपनी हाजिरी लगाएंगे। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजन में मंदिर समिति अध्यक्ष सुशील अरोड़ा, सचिव रवि छाबड़ा, उपाध्यक्ष अश्वनी ओबेरॉय सहित संजय आनंद, गोविंद तनेजा, योगेश ग्रोवर, अनिल चड्ढा, रंजन कुमार, मनोज अरोड़ा, राजेश अरोड़ा तथा महिला मंडल की सदस्याओं ने विशेष सहयोग किया।






Leave a Reply