The Voice of Bareilly since 2010

बिथरी थाने में युवक से मारपीट मामला: थाना प्रभारी के दावों पर उठे सवाल, सीसीटीवी और लोकेशन जांच के दायरे में


bareillylive:bareillynews:बिथरी थाने में युवक से मारपीट मामला: थाना प्रभारी के दावों पर उठे सवाल, सीसीटीवी और लोकेशन जांच के दायरे में

बरेली। बिथरी चैनपुर थाने में एक युवक के साथ कथित मारपीट के मामले में थाना प्रभारी राजेश बाबू मिश्रा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मामले की जांच तेज होने के बाद थाना प्रभारी ने दावा किया कि घटना के समय वह थाने में मौजूद नहीं थे।

अब पुलिस उनकी इस बात की पुष्टि के लिए थाने की जनरल डायरी (जीडी), सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की जांच कर रही है।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि घटना के समय थाना प्रभारी वास्तव में कहां मौजूद थे और क्या उनकी थाने से रवानगी का रिकॉर्ड जीडी में दर्ज है। वहीं, पीड़ित अनिल के परिजनों का आरोप है कि उसे थाने के उस कमरे में ले जाकर पीटा गया, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं।

उधर, अस्पताल में भर्ती अनिल का मंगलवार को हाथ का दूसरा ऑपरेशन किया गया। परिजनों के अनुसार यह सर्जरी करीब ढाई घंटे तक चली। डॉक्टरों ने बताया है कि हाथ पूरी तरह ठीक होने में एक से दो वर्ष का समय लग सकता है।

फिलहाल दूसरी सर्जरी के बाद दवाओं के जरिए उपचार जारी रहेगा और यदि स्वास्थ्य में सुधार रहा तो बुधवार या गुरुवार तक अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।

अनिल की मां ने परिवार की आर्थिक स्थिति को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि बेटे के लंबे इलाज के कारण परिवार पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है और उसके छोटे बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी चुनौती बन गई है।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जीडी, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!