The Voice of Bareilly since 2010

मुख्यमंत्री योगी ने 574 करोड़ की 57 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

bareilly:bareillynews:मुख्यमंत्री योगी ने 574 करोड़ की 57 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बुलंदशहर दौरे के दौरान 574 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 30 परियोजनाओं का लोकार्पण और 27 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल रहा। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, आयुष्मान कार्ड, चेक, आवास की चाबी, छात्रवृत्ति, थर्मल प्रिंटर, टूल किट और प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने शिकारपुर स्थित रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर में छात्रों, अभिभावकों और प्रबुद्धजनों से संवाद करने के बाद बुलंदशहर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया। मंच पर पहुंचते ही समर्थकों ने “शेर आया, शेर आया” के नारों से उनका स्वागत किया।


अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की मंजूरी मिल चुकी है, जिसका सबसे अधिक लाभ बुलंदशहर जिले को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि जेवर केवल एक एयरपोर्ट नहीं, बल्कि इंटरनेशनल फिल्म सिटी, आईटी पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग और औद्योगिक विकास का बड़ा केंद्र बनेगा।

साथ ही बुलंदशहर के लिए रिंग रोड और जेवर लिंक एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के भूमि अधिग्रहण मुआवजे में वृद्धि का निर्णय किसानों के हित में लिया गया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज और खुर्जा के सिरेमिक एवं क्रॉकरी उद्योग का उल्लेख करते हुए कहा कि बुलंदशहर आज शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि बुलंदशहर देश को सबसे अधिक सैनिक देने वाले जिलों में शामिल है और रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर भविष्य में और अधिक सैनिक तैयार करेगा।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान गड्ढों, अंधेरे, दंगों और अपराध से होती थी, जबकि आज प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि अब गरीबों को बिना भेदभाव के मुफ्त राशन, आवास, शौचालय और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। साथ ही सरकारी नौकरियों और व्यवस्थाओं में पारदर्शिता लाई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार किसानों, युवाओं और प्रदेश के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!