bareillylive@bareillynews:कांवड़ यात्रा की तैयारियों की मुख्य सचिव व डीजीपी ने की समीक्षा, श्रद्धालुओं को सुविधाएं देने के निर्देश
बरेली। प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल एवं पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में बरेली एवं मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा-2026 की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक में सभी जिलों को कांवड़ यात्रा को पूरी तरह घटना एवं दुर्घटना रहित संपन्न कराने तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि बरेली जोन के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
प्रमुख कांवड़ मार्गों, गंगा घाटों एवं मंदिरों का निरीक्षण किया जा चुका है। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं की निगरानी, कांवड़ यातायात नियंत्रण कक्ष की स्थापना तथा व्यापक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
मंडलायुक्त ने बताया कि मंडल में 20 शोभायात्राएं, 16 मेले और 116 कांवड़ शिविर आयोजित होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, नाव, गोताखोर और चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था की गई है।
जिलाधिकारी बरेली ने बताया कि जनपद में लगभग 15 लाख कांवड़ियों के आगमन की संभावना है। उनके स्वागत के लिए प्रमुख प्रवेश द्वारों को सजाया जाएगा। 30 चिकित्सा शिविर, 43 एम्बुलेंस, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच, मार्गों की मरम्मत तथा निराश्रित पशुओं को हटाने की व्यवस्था की गई है। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी।
बैठक में बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मुरादाबाद, बिजनौर, सम्भल, रामपुर और अमरोहा के जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों ने भी अपने-अपने जनपदों की तैयारियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
विभिन्न जिलों में रूट डायवर्जन, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी एवं ड्रोन निगरानी, पुलिस सहायता केंद्र, चिकित्सा शिविर, पार्किंग, लाइफ जैकेट, गोताखोर और सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को स्वच्छता, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जबकि डीजीपी ने प्रत्येक स्तर पर सतर्कता बरतते हुए त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत रखने पर विशेष जोर दिया।






Leave a Reply