The Voice of Bareilly since 2010

गांधी-शास्त्री जयंती पर बरेली में सांस्कृतिक समारोह; मां गंगा, गौ, बेटी, पर्यावरण बचाओ और रक्तदान का संकल्प

bareillylive@गांधी-शास्त्री जयंती पर बरेली में सांस्कृतिक समारोह

Bareillylive : मां गंगा बचाओ वेलफेयर सोसाइटी, ऑल इंडिया रियल फॉर कल्चरल एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी एवं महिला कल्याण समिति के संयुक्त तत्वाधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 15वें गांधी-शास्त्री जयंती समारोह का आयोजन किया गया। 2 अक्टूबर को देशभर में दोनों महापुरुषों की जयंती मनाई जाती है, जिसमें गांधी जी के अहिंसा, सत्य और सेवा के आदर्शों के साथ शास्त्री जी की ईमानदारी तथा “जय जवान जय किसान” के संदेश को याद किया जाता है।

संस्था मुख्यालय जीवन ज्योति कैंपस, सिविल लाइंस स्थित प्रांगण में आयोजित प्रथम सत्र में विचार गोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रजनीश सक्सेना के नेतृत्व में तथा संरक्षक सी.एल. शर्मा एवं अनुपम कपूर के संरक्षण में आयोजन संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ व्यापारी नेता वीरेंद्र प्रसाद खंडेलवाल तथा अध्यक्ष वरिष्ठ समाजसेवी मोहम्मद नवी रहे। विशिष्ट अतिथियों में पंकज अग्रवाल, प्रदीप सक्सेना, सुरेंद्र रस्तोगी, अंकुर सक्सेना, वेद प्रकाश कातिब, पार्षद सुधा सक्सेना एवं भाजपा नेता प्रतेश पांडेय शामिल हुए।

स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना के बाद सुनयना स्पेंसर के निर्देशन में युवा कलाकारों तथा छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं भारतीय संस्कृति पर आधारित सामूहिक व एकल नृत्य प्रस्तुत किए। “मेरी माटी मेरा देश” और “हम सब एक है” नाटकों के मंचन से भारतीय संस्कृति की विविधता, एकता एवं सौहार्द्र का संदेश दिया गया। युवा कवि रितेश साहनी ने अपने काव्यपाठ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। मंच संचालन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरताज हुसैन ने किया।

अतिथियों ने कलाकारों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उपस्थित जनों से गांधी जी एवं शास्त्री जी के जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा लेकर उनके पदचिन्हों पर चलने की अपील की। डॉ. रजनीश सक्सेना ने कहा कि युवा पीढ़ी को सामाजिक सरोकारों को अपनाते हुए देश-निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। इस अवसर पर प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सभी को मां गंगा, गौ, बेटी एवं पर्यावरण बचाओ-देश बचाओ, रक्तदान महादान, सनातन एवं आध्यात्म चिंतन के प्रति जागरूक करते हुए संकल्प दिलाया गया। एशियन नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने आयोजन में विशेष योगदान दिया। कार्यक्रम के संयोजन में डॉ. राम कुमार आर्य, कनिष्क शर्मा, मनीष रस्तोगी, संजीव सक्सेना, अखिलेश शर्मा, अभिषेक सक्सेना, कार्तिक शर्मा, संतोष उपाध्याय, राहुल कुमार सिंह, सचिन श्याम भारतीय, चंद्रभान सिंह रत्नाकर, रवि सक्सेना, अमित सक्सेना बिंदु, हरजीत कौर, पूनम भल्ला, डिंपल मेहंदीरत्ता, डॉ. मीना सोंधी, आभा सक्सेना, पूनम सक्सेना, आशीष प्रधान एवं प्रभु दयाल शर्मा सहित अनेक सदस्यों की भूमिका रही।

द्वितीय सत्र में अखिल भारतीय आर्य सभा के संयुक्त तत्वाधान में जिला प्रशासन के निर्देशानुसार आर्य समाज अनाथालय, सिविल लाइंस में फल, मिष्ठान एवं भोजन वितरण किया गया। तृतीय सत्र में फर्राशी टोला स्थित लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने कहा कि शास्त्री जी का “जय जवान जय किसान” संदेश आज भी देशवासियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!