bareillylive:bareillynews:श्रावण मास से पूर्व व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग, नगर निगम को सौंपा ज्ञापन
बरेली। श्री नाथ नगरी सेवा समिति ने आगामी 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाले पावन श्रावण मास को देखते हुए संयुक्त नगर आयुक्त, नगर निगम बरेली को ज्ञापन सौंपकर कांवड़ यात्रियों एवं शिवभक्तों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने की मांग की।
\
समिति के सक्रिय सदस्य शोभित अग्रवाल ने बताया कि श्रावण मास के दौरान नाथ नगरी बरेली के सातों प्रमुख नाथ मंदिरों में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिरों तक जाने वाले प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त कर सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाना आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन में मांग की गई कि कांवड़ यात्रा एवं नाथ नगरी परिक्रमा मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई, फॉगिंग, स्वच्छ पेयजल, अस्थायी शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। समिति ने यह भी आग्रह किया कि श्रावण मास शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।
समिति का कहना है कि हर वर्ष श्रावण मास में बड़ी संख्या में शिवभक्त और कांवड़िये बरेली पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन और नगर निगम की ओर से समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने से श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी और धार्मिक आयोजनों का संचालन भी सुचारु रूप से हो सकेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान श्रवण गुप्ता, सोनू भईया, बंटी ठाकुर, सुधीर श्रोत्रिय, शोभित अग्रवाल, धीरज कुमार, राहुल उप्पल, अंकुश रस्तोगी, शलभ अग्रवाल, निहाल किशोर, सोनू सैनी, मुदित गोयल, विशाल चंद्रा, रामकुमार श्रीवास्तव, नवीन कौशल सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।






Leave a Reply