सांसद ने समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में सहयोग का दिया भरोसा
बरेली@bareillylive:देवरनियां। नगर पंचायत देवरनियां के चेयरमैन कलीम अंसारी ने बरेली लोकसभा क्षेत्र के सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग रखी। इस दौरान उन्होंने देवरनियां से आनंदीपुर तक सड़क निर्माण, हाईडिल क्षेत्र में जल निकासी और सेमीखेड़ा में नैनीताल हाईवे पर प्रकाश व्यवस्था से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
चेयरमैन कलीम अंसारी ने सांसद को बताया कि देवरनियां से आनंदीपुर तक सड़क की स्थिति को देखते हुए इसके नवनिर्माण की आवश्यकता है। इस मार्ग से बड़ी संख्या में स्थानीय लोग आवागमन करते हैं। सड़क का निर्माण होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलने की बात उन्होंने कही।
इसके साथ ही हाईडिल क्षेत्र में जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग भी सांसद के समक्ष रखी गई। चेयरमैन ने बताया कि उचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात के दौरान स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने संबंधित विभाग से समन्वय कर इस समस्या का समाधान कराने का अनुरोध किया।
वहीं, सेमीखेड़ा में नैनीताल हाईवे पर पोल और स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य चल रहा है। चेयरमैन के अनुसार, इस कार्य को लेकर हाईवे अथॉरिटी की ओर से आपत्ति जताई जा रही है। उन्होंने सांसद से मामले में आवश्यक हस्तक्षेप कर समस्या का निस्तारण कराने की मांग की। चेयरमैन ने कहा कि हाईवे पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था होने से रात के समय राहगीरों और वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी तथा आवागमन सुगम होगा।
चेयरमैन कलीम अंसारी ने क्षेत्र की इन प्रमुख समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई कराकर विकास कार्यों को गति देने का अनुरोध सांसद से किया। मुलाकात के दौरान क्षेत्रवासियों से जुड़ी अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई। चेयरमैन ने बताया कि सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।
इस दौरान सभासद अमित गंगवार, सभासद पति नसीमुद्दीन, सोनी गंगवार, पूर्व सभासद जमुना प्रसाद, मोहम्मद आमिल, डॉ. सईद अहमद अंसारी, मोहम्मद इस्माईल इदरीसी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






Leave a Reply