bareillylive:bareillynews:जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग की समीक्षा की, विभागों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास विभाग की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाकर जनपद की रैंकिंग में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री स्तर से विभिन्न विभागों के कार्यों की नियमित समीक्षा की जाती है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से विभागीय योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि जनपद में सेतुओं के निर्माण से संबंधित कार्य अपेक्षाकृत धीमी गति से चल रहे हैं, जिससे जिले की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग प्रभावित हो रही है।
इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्माणाधीन और लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि योजनाओं एवं परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति समय से संबंधित पोर्टलों पर अपलोड की जाए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने प्रोजेक्टों का नियमित स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा करें, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
बैठक में समाज कल्याण अधिकारी को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्राप्त लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजना का समयबद्ध लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, परियोजना निदेशक (डीआरडीए) चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी कमल किशोर, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





Leave a Reply