bareillylive@bareillynews:बरेली, 8 सितंबर। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में तहसील बहेड़ी के गन्ना किसानों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने किसानों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
गन्ना मूल्य भुगतान और किसानों की समस्याओं पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान किसान बंधुओं ने अनुरोध किया कि जब तक केसर चीनी मिल की नीलामी के बाद गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं हो जाता, तब तक बच्चों की स्कूल फीस और बैंकों की लोन की किस्त माफ कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं।
किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
केसर चीनी मिल की नीलामी के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार
बैठक में बताया गया कि केसर चीनी मिल की पुनः नीलामी में बेहतर मूल्य प्राप्त करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। इसके तहत पम्फलेट छपवाकर वितरित किए जाएंगे और समाचार पत्रों सहित अन्य माध्यमों से नीलामी की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
इसके अलावा जनपद के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर होर्डिंग्स लगवाने के साथ ही जनपद और प्रदेश से बाहर भी नीलामी का प्रचार-प्रसार कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक इच्छुक व्यक्ति नीलामी प्रक्रिया में भाग ले सकें।
किसानों से भी प्रचार में सहयोग की अपील
जिलाधिकारी ने गन्ना किसानों से भी अपील की कि वे अपने स्तर से केसर चीनी मिल की नीलामी का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें, जिससे ज्यादा से ज्यादा इच्छुक लोग नीलामी में शामिल हो सकें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चीनी मिल के आसपास साफ-सफाई कराने और पेड़ों की छंटाई कराने के निर्देश दिए। इससे नीलामी में रुचि रखने वाले संभावित खरीदार भूमि और परिसर की उपयोगिता को बेहतर ढंग से देख सकेंगे।
बहेड़ी शुगर मिल क्षेत्र के गन्ने की आपूर्ति की कार्ययोजना बनाने की मांग
बैठक में गन्ना किसानों ने मांग रखी कि बहेड़ी शुगर मिल क्षेत्र का गन्ना किन-किन चीनी मिलों को भेजा जाएगा, इसकी कार्ययोजना पहले से तैयार कर ली जाए, ताकि आगामी पेराई सत्र के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) संतोष कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी बहेड़ी गोपाल शर्मा, तहसीलदार बहेड़ी, उपायुक्त गन्ना, जिला गन्ना अधिकारी सहित गन्ना किसान एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






Leave a Reply