70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर जोर, जलभराव और एंटी लार्वा फॉगिंग में तेजी लाने के निर्देश
बरेली, 16 जुलाई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने लापरवाही पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कई ग्राम पंचायतों में आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रगति संतोषजनक नहीं है। इस पर उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी पंचायत सचिवों को लक्ष्य निर्धारित कर जिम्मेदारी सौंपी जाए तथा इसकी नियमित समीक्षा की जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता के अनुरूप 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र व्यक्तियों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाया जाए। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत, तहसील और ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएं ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना (PMJSY) की समीक्षा के दौरान कुछ ब्लॉकों में पिछले दो महीनों से कार्य न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और तत्काल प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा में उन्होंने जलभराव वाले गांवों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए जल निकासी की व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही एंटी लार्वा फॉगिंग में जनपद के पिछड़ने पर भी नाराजगी जताई और अभियान में तेजी लाने को कहा।
डीएम ने निर्देश दिए कि सभी खंड विकास अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर संचारी रोग नियंत्रण अभियान की निगरानी करें। उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान के तहत क्यारा, मुड़ियानवीबक्स और शेरगढ़ ब्लॉकों में आशा कार्यकर्ताओं की डोर-टू-डोर विजिट शून्य प्रतिशत दर्ज हुई है। इस पर उन्होंने शत-प्रतिशत घर-घर भ्रमण सुनिश्चित करने तथा सभी विजिट का विवरण पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी कमल किशोर, जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह सहित सभी खंड विकास अधिकारी एवं सीएचसी-पीएचसी के चिकित्सक उपस्थित रहे।






Leave a Reply