The Voice of Bareilly since 2010

डीआरएम वीणा सिन्हा ने इज्जतनगर–रामनगर रेलखंड का किया संरक्षा निरीक्षण, रामनगर स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की परखी प्रगति

bareillylive:bareillynews:डीआरएम वीणा सिन्हा ने इज्जतनगर–रामनगर रेलखंड का किया संरक्षा निरीक्षण, रामनगर स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की परखी प्रगति

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित हो रहे स्टेशन का लिया जायजा, गुणवत्ता और समयबद्धता के दिए निर्देश

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वीणा सिन्हा ने मंगलवार को शाखा अधिकारियों के साथ इज्जतनगर–रामनगर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से संरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों पर सुरक्षा मानकों, यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पंतनगर रेलवे स्टेशन पर डीआरएम ने स्टेशन परिसर, स्वच्छता व्यवस्था तथा यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन के बेहतर रखरखाव और यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार पर विशेष जोर दिया।

इसके बाद डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए जा रहे रामनगर रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा आधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन सहायता बूथ, पुनर्विकसित आरक्षण भवन, स्टेशन पैनल कक्ष और अन्य संरक्षा एवं परिचालन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

रेल अधिकारियों के अनुसार रामनगर स्टेशन का पुनर्विकास कार्य अंतिम चरण में है। परियोजना के तहत आधुनिक स्टेशन भवन, उच्चीकृत प्लेटफॉर्म, मॉडर्न टॉयलेट ब्लॉक, नया आरक्षण भवन, जीआरपी पोस्ट, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश-निकास द्वार, जल निकासी व्यवस्था, प्लेटफॉर्म शेल्टर, एलईडी लाइटिंग, आधुनिक साइनेज और पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

दिव्यांग यात्रियों के लिए टैक्टाइल पाथ, सुलभ टिकट काउंटर, रैंप, दिव्यांग-अनुकूल शौचालय और सहायता बूथ की व्यवस्था भी की गई है। स्टेशन परिसर में स्थापित हाथी और बाघ की आकर्षक प्रतिमाएं पर्यटकों और यात्रियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!