bareillylive@bareillynews शिशु शिक्षा समिति के आचार्य अभ्यास वर्ग में संस्कारमूलक शिक्षा पर जोर, 20 विद्यालयों के आचार्यों ने लिया प्रशिक्षण
बरेली। शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के तत्वावधान में बरेली जिले का आचार्य अभ्यास वर्ग सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, नेकपुर एवं सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला समन्वयक सुनील कुमार सिंह पुंडीर, प्रदेश शिशु वाटिका प्रभारी रामकिशोर श्रीवास्तव, अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, बाल कल्याण समिति के मंत्री दिनेश मलिक तथा राजीव सक्सेना ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य संजीव कुमार पांडेय ने अतिथियों का स्वागत किया।
मुख्य वक्ता रामकिशोर श्रीवास्तव ने कहा कि शिशु-केंद्रित शिक्षा ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार है। जिला समन्वयक सुनील कुमार सिंह पुंडीर ने कहा कि संस्कारमूलक शिक्षा और नवाचार के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। वहीं दिनेश मलिक ने आचार्यों से भारतीय शिक्षा दर्शन के अनुरूप शिक्षण कार्य करने का आह्वान किया।
अभ्यास वर्ग में डी.एन. मिश्रा, शिवलेश पांडे, अवनेंद्र शास्त्री, तपेंद्र कटारा, डॉ. शिव दयाल, डॉ. पुष्पेंद्र, डॉ. ऋषभ मिश्रा एवं डॉ. सतीश शर्मा ने भारतीय शिक्षा दर्शन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, बालक-केंद्रित शिक्षण, कक्षा प्रबंधन, मूल्यपरक शिक्षा तथा व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षण के दौरान योग, समूह चर्चा, शिक्षण प्रदर्शन एवं व्यवहारिक सत्रों का भी आयोजन किया गया, जिससे आचार्यों को शिक्षण की नवीन विधियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। इस अभ्यास वर्ग में जिले के 20 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं आचार्यों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य मनोज शर्मा ने किया। अंत में प्रधानाचार्य संजीव कुमार पांडेय ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।






Leave a Reply