bareillylive:bareillynews:वीरांगना झलकारी बाई के जीवंत मंचन ने जीता सभी का दिल
फरीदपुर (बरेली)। सांस्कृतिक मंत्रालय, भारत सरकार तथा संगीत नाटक अकादमी द्वारा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ और महाकवि कालिदास जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय रंगमंच महोत्सव–2026 के लिए देशभर के केवल 40 विद्यालयों का चयन किया गया।
इस प्रतिष्ठित सूची में बरेली जनपद के विकास खण्ड फरीदपुर के प्राथमिक विद्यालय कादरगंज का चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बना।
विद्यालय में यह कार्यक्रम समृद्ध संस्कृति सांस्कृतिक क्लब के तत्वावधान में आयोजित किया गया। यह क्लब पिछले दो वर्षों से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, इतिहास, लोक परंपराओं और देशभक्ति के मूल्यों से जोड़ने का सतत प्रयास कर रहा है। मंत्रालय के निर्देशानुसार 15 जुलाई 2026 को विद्यालय परिसर में भव्य सांस्कृतिक समारोह आयोजित किया गया, जिसकी शुरुआत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ तथा राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुई।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय की छात्राओं और छात्रों द्वारा प्रस्तुत वीरांगना झलकारी बाई के जीवन पर आधारित प्रेरणादायक नाटक रहा। इस नाट्य प्रस्तुति का निर्देशन विद्यालय की सहायक अध्यापिका एवं समृद्ध संस्कृति सांस्कृतिक क्लब की प्रभारी बबीता गौतम ने किया। नन्हे कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय से झलकारी बाई के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति, त्याग और बलिदान को जीवंत कर दिया। प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक कर दिया और यह संदेश दिया कि इतिहास के पन्नों में कहीं दब गई इस महान वीरांगना की गाथा आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का अमूल्य स्रोत है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी तथा ग्राम के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय के छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लेकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति के बाद अतिथियों ने सभी बाल कलाकारों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
दर्शकों ने विद्यालय के विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, अभिनय क्षमता और सांस्कृतिक प्रस्तुति की मुक्तकंठ से सराहना की। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के समस्त शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और समृद्ध संस्कृति सांस्कृतिक क्लब की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विद्यालय परिवार ने इस ऐतिहासिक अवसर के लिए सांस्कृतिक मंत्रालय, सीसीआरटी एवं संगीत नाटक अकादमी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक चेतना और भारतीय विरासत के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत बनाते हैं। इस दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ कार्यक्रम को देखने के लिए उपस्थित रही।






Leave a Reply