bareillylive:bareillynews:एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार, कार, मोबाइल और एटीएम कार्ड बरामद
बरेली। भमोरा थाना भमोरा पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर बैंक खातों से रुपये निकालने और साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह के पांच कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार, छह कीमती मोबाइल फोन और करीब एक दर्जन एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात साइबर क्राइम सेल की प्रभारी उपनिरीक्षक पूजा गोस्वामी को मुखबिर से सूचना मिली कि बरेली-बदायूं हाईवे पर सरदारनगर मोड़ के समीप एक ईंट भट्ठे के खंडहर में कुछ लोग किसी वारदात की योजना बना रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मोहम्मद अयात, मुजाहिद, साहिब हुसैन, असलम हुसैन और फैजान बताए। तलाशी के दौरान उनके पास से अलग-अलग कंपनियों के छह मोबाइल फोन और विभिन्न नामों से जारी करीब एक दर्जन एटीएम कार्ड बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न बैंकों के एटीएम पर लोगों के कार्ड बदलकर उनके खातों से रुपये निकालते थे।
इसके अलावा बैंक अधिकारी या पुलिस अधिकारी बनकर फोन पर ओटीपी प्राप्त कर साइबर ठगी की वारदातों को भी अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
साथ ही बरामद एटीएम कार्डों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गिरोह की गतिविधियों तथा अन्य संभावित मामलों की जांच की जा रही है।






Leave a Reply