bareillylive@bareillynews:भोजीपुरा में 5,000 घरों तक पहुंचेंगे फलदार पौधे, योगेश पटेल ने शुरू किया पर्यावरण अभियान
बरेली। पर्यावरण संरक्षण, पोषण सुरक्षा और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भोजीपुरा ब्लॉक प्रमुख एवं ब्लॉक प्रमुख संघ अध्यक्ष योगेश पटेल ने शुक्रवार को भोजीपुरा विधानसभा के ग्राम बिलवा और अटकायस्थान से वृहद फलदार पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया।
अभियान के तहत क्षेत्र के 5,000 परिवारों को आम, अमरूद, नींबू, अनार और पपीता सहित विभिन्न फलदार पौधे नि:शुल्क वितरित कर उनके घरों और खेतों में रोपित किए जाएंगे।
योगेश पटेल ने कहा कि फलदार वृक्ष पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ परिवारों को पौष्टिक फल उपलब्ध कराकर बेहतर स्वास्थ्य और आर्थिक मजबूती भी प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि हर घर तक फलदार पौधे पहुंचाकर क्षेत्र को हराभरा बनाने के साथ लोगों को पौधरोपण के प्रति जागरूक करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने ग्रामीणों से पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि अभियान में ग्राम प्रधानों, बीडीसी सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है, ताकि अधिक से अधिक पौधे जीवित रहकर भविष्य में लोगों को लाभ पहुंचा सकें।
इस अवसर पर डॉ. रजनीश सक्सेना, सनी ठाकुर, नंद किशोर पटेल, नरेंद्र पटेल, रामबाबू सागर, गोपाल मिश्रा, टीपू यादव, मुकेश और बसंत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन सनी ठाकुर, हिमांशु बतरा और रामबाबू सागर ने किया, जबकि संयोजन डॉ. रजनीश सक्सेना ने किया। सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।





Leave a Reply