सबहेड: 14 सितंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा, 16 सितंबर को रामगंगा तट पर होगा गणेश प्रतिमा विसर्जन
bareillylive@bareillynews:बरेली। 42वें श्री गणेश महोत्सव के अवसर पर 13 से 16 सितंबर तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव के तहत 14 सितंबर को भगवान गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार आकर्षण का मुख्य केंद्र होंगे।
गणेश उत्सव समिति के अध्यक्ष दिलीप खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शोभायात्रा में उत्तर प्रदेश सरकार के वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, महापौर डॉ. उमेश गौतम और विधायक संजीव अग्रवाल की उपस्थिति रहेगी। इसके अलावा शहर के तमाम गणमान्य नागरिक भी शोभायात्रा में शामिल होंगे।
चार दिन तक होंगे धार्मिक आयोजन
समिति के संरक्षक राजू खंडेलवाल ने बताया कि चार दिवसीय गणेश महोत्सव में गणेश पूजन, भजन संध्या, भव्य शोभायात्रा, रुद्राभिषेक, यज्ञ और गणेश प्रतिमा विसर्जन समेत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी प्रमुख कार्यक्रम श्री राधा कृष्ण मंदिर, मारवाड़ीगंज में होंगे।
13 सितंबर से शुरू होगा महोत्सव
जारी कार्यक्रम के अनुसार, 13 सितंबर को शाम छह बजे गणेश पूजन एवं भजन संध्या होगी। रात 8:30 बजे आरती और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
14 सितंबर को दोपहर 1:30 बजे भगवान गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा हनुमान मंदिर, सिविल लाइंस से शुरू होकर कुतुबखाना, शिवाजी मार्ग, मठकी चौकी, साहू गोपीनाथ, श्यामगंज, गंगापुर मोड़, कोहली और नागपंचमी ग्राउंड होते हुए श्री राधा कृष्ण मंदिर, मारवाड़ीगंज पहुंचेगी। इसके बाद बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में विश्राम होगा।
15 को रुद्राभिषेक, 16 सितंबर को विसर्जन
15 सितंबर को शाम छह बजे प्रदोष पूजन एवं रुद्राभिषेक किया जाएगा। रात 8:30 बजे आरती होगी।
महोत्सव के अंतिम दिन 16 सितंबर को सुबह 11 बजे श्री गणेश जी महाराज की पूर्णाहुति एवं यज्ञ का आयोजन होगा। इसके बाद दोपहर एक बजे गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा रामगंगा तट के लिए रवाना होगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में समिति के महामंत्री सुनील गुप्ता, सुनील खंडेलवाल, पंडित कैलाश शर्मा, अभिषेक गौड़, अजय राज शर्मा, संजीव अग्रवाल, प्रथमेश गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। समिति अध्यक्ष दिलीप खंडेलवाल ने बताया कि महोत्सव से जुड़े सभी प्रमुख कार्यक्रम श्री राधा कृष्ण मंदिर, मारवाड़ीगंज में आयोजित किए जाएंगे।






Leave a Reply