bareillylive@bareillynews:नरौरा बैराज पर गंगा का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन अलर्ट
बुलंदशहर। बुलंदशहर जिले के नरौरा स्थित चौधरी चरण सिंह गंगा बैराज पर पिछले 24 घंटों में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बैराज को ‘मीडियम फ्लड’ (मध्यम बाढ़) की श्रेणी में रखा गया है।
प्रशासन ने गंगा किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और नदी के किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है। गंगा बैराज के जल लेखा सहायक देवेश कुमार के अनुसार, गुरुवार सुबह आठ बजे बैराज से डाउनस्ट्रीम में 1,40,452 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था, जबकि बुधवार शाम यह मात्रा 99,984 क्यूसेक थी।
यानी करीब 16 घंटों में लगभग 40 हजार क्यूसेक पानी की वृद्धि दर्ज की गई है।
बैराज से निकलने वाली प्रमुख नहरों में भी जल प्रवाह जारी है।
लोअर गंगा कैनाल (एलजीसी) में 8,099 क्यूसेक तथा पैरेलल लोअर गंगा कैनाल (पीएलसी) में 7,432 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने निचले और तटीय क्षेत्रों पर निगरानी बढ़ा दी है।
संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और स्थानीय लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।






Leave a Reply