भूजल सप्ताह-2026 का शुभारंभ, डीएम ने जनजागरूकता वाहन को दिखाई हरी झंडी
bareillylive:bareillynews:16 से 22 जुलाई तक चलेंगे जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन पर जागरूकता कार्यक्रम, नागरिकों से अभियान में भागीदारी की अपील
बरेली, 16 जुलाई। भूजल सप्ताह-2026 के तहत जनपद में जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। जिलाधिकारी ने प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण का संदेश पहुंचाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही भूजल स्तर को सुरक्षित एवं समृद्ध बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से वर्षा जल संचयन अपनाने, जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने और जल संरक्षण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
उन्होंने बताया कि प्रचार-प्रसार वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर भूजल सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों, वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और जल संरक्षण के उपायों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएगा तथा लोगों को इस अभियान से जोड़ने का कार्य करेगा।
शासन के निर्देशानुसार 16 से 22 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में भूजल सप्ताह-2026 मनाया जा रहा है। इस दौरान ग्राम पंचायत, विकास खंड, नगर निकाय और जनपद स्तर पर जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, पौधारोपण, जन-जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण, कार्यशाला एवं अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, सीनियर हाइड्रोजियोलॉजिस्ट सौरभ साह, लघु सिंचाई एवं भूगर्भ जल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






Leave a Reply