bareillylive:bareillynews:संपत्ति के विवाद में हिस्ट्रीशीटर ने भाई को गोली मारकर की हत्या
बरेली। शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव खजुआ जागीर में गुरुवार शाम पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। जमीन के बंटवारे को लेकर चल रही रंजिश में एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने ही भाई की गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
मृतक के पिता लल्ला खां उर्फ लतीफ खां तथा भाई इकरार के अनुसार, आरोपी तौफीक उर्फ गुड्डू थाना शेरगढ़ का हिस्ट्रीशीटर है
जिसके खिलाफ करीब 26 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह एक वर्ष पहले पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद जेल भी जा चुका है।
परिजनों का आरोप है कि गुरुवार शाम तौफीक ने फोन पर इकरार से गाली-गलौज की और कुछ देर बाद अपने साथी असलम तथा बेटे नदीम के साथ घर पहुंच गया।
वहां उसने इकरार की पिटाई शुरू कर दी। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे 35 वर्षीय इसरार पर तौफीक ने तमंचे से गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल इसरार को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
\
परिजनों का कहना है कि आरोपी जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से रंजिश रखता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।






Leave a Reply