The Voice of Bareilly since 2010

इज्जतनगर मंडल में राजभाषा सप्ताह समारोह-2026 का शुभारंभ

इज्जतनगर मंडल में राजभाषा सप्ताह समारोह-2026 का शुभारंभ

bareillylive@bareillynews:14 से 18 सितंबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं, कर्मचारियों ने हिन्दी के प्रति दिखाई उत्साहपूर्ण सहभागिता

बरेली, 14 सितंबर। राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार एवं रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में सोमवार से राजभाषा सप्ताह समारोह-2026 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। राजभाषा सप्ताह का आयोजन 14 से 18 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, इज्जतनगर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सहित सभी शाखाधिकारियों और रेल कर्मचारियों ने सहभागिता की। इस दौरान राजभाषा हिन्दी के प्रचार-प्रसार, कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग तथा हिन्दी के प्रति सकारात्मक और प्रेरणादायी वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के संदेश का वाचन किया गया।

हिन्दी टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता आयोजित

राजभाषा सप्ताह के तहत रेल कर्मचारियों की हिन्दी के प्रति रुचि बढ़ाने और कार्य-दक्षता विकसित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को राजभाषा कक्ष में ‘हिन्दी टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता’ आयोजित की गई।

प्रतियोगिता में कार्यालयीन कार्यों में प्रयुक्त होने वाली नियमित टिप्पणियों, राजभाषा से संबंधित प्रश्नों तथा हिन्दी-अंग्रेजी के पर्याय एवं शब्दार्थ से जुड़े विषयों को शामिल किया गया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य रेल कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में सरल, सहज और प्रभावी हिन्दी के प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनके भाषायी ज्ञान और लेखन कौशल को विकसित करना रहा।

कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

प्रतियोगिता में इज्जतनगर मंडल के विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी हिन्दी भाषा संबंधी दक्षता का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी सह राजभाषा अधिकारी बबलू ने निर्णायक की भूमिका निभाई। राजभाषा सप्ताह के दौरान आगे भी विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!