The Voice of Bareilly since 2010

उत्तर प्रदेश ताइक्वान्डो संघ के अध्यक्ष बने ईशान ग्वाल, खिलाड़ियों को नई दिशा देने का संकल्प

bareillylive:bareillynews:उत्तर प्रदेश ताइक्वान्डो संघ के अध्यक्ष बने ईशान ग्वाल, खिलाड़ियों को नई दिशा देने का संकल्प

बरेली। फरीदपुर के दिवंगत भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय प्रोफेसर डॉक्टर श्यामबिहारी लाल के पुत्र ईशान ग्वाल को उत्तर प्रदेश ताइक्वान्डो संघ का मनोनीत अध्यक्ष बनाया गया है।

संघ के महासचिव अनिल कुमार ने 13 जुलाई को उन्हें मनोनयन पत्र सौंपा। यह परिवार को डॉक्टर श्यामबिहारी लाल के निधन के बाद मिली पहली बड़ी सामाजिक एवं संगठनात्मक जिम्मेदारी मानी जा रही है।


सोसाइटी एक्ट-1860 के तहत पंजीकृत और ताइक्वान्डो फेडरेशन ऑफ इंडिया से मान्यता प्राप्त उत्तर प्रदेश ताइक्वान्डो संघ ने ईशान ग्वाल के नेतृत्व में खेल के विस्तार और खिलाड़ियों के हितों को प्राथमिकता देने का भरोसा जताया है।

संघ के अनुसार, स्वर्गीय डॉक्टर श्यामबिहारी लाल का जीवन जनसेवा और खेलों के विकास के लिए समर्पित रहा, जिसकी प्रेरणा को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब उनके पुत्र निभाएंगे।


मनोनयन के बाद ईशान ग्वाल ने इसे भावनात्मक और गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए संघ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे इस दायित्व को अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने का अवसर मानते हैं।

उन्होंने ग्रामीण एवं दलित क्षेत्रों के बच्चों को निःशुल्क ताइक्वान्डो प्रशिक्षण, उत्कृष्ट खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग तथा संघ में पारदर्शिता और खेल-केंद्रित कार्यशैली को अपनी प्राथमिकता बताया।

उनके मनोनयन पर प्रदेशभर के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और पदाधिकारियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश में ताइक्वान्डो को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!