बरेली @ bareillylive: जेसीआई बरेली मैग्नेट सिटी के जेसीआई वीक के अंतिम दिन मंगलवार को ‘प्रोजेक्ट प्रगति’ के तहत भोले शंकर धर्मार्थ माता कमला देवी प्राथमिक विद्यालय, परसाखेड़ा की दो कक्षाओं के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण का लोकार्पण किया गया। कैंट विधानसभा विधायक एवं भाजपा के सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल और जेसीआई की महिला अध्यक्ष कविता अग्रवाल ने फीता काटकर आधुनिक कक्षाओं को विद्यार्थियों और शिक्षकों को समर्पित किया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने स्वागत गीत ‘सांसों की सरगम’ और ‘गाए सुस्वागतम’ प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि संजीव अग्रवाल और जेसीआई बरेली मैग्नेट सिटी के अध्यक्ष भरत अग्रवाल ने सोशल मीडिया क्रिएटर्स शोएब, खुशी मौर्या, मनप्रीत सिंह और शैलेंद्र भारती को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। जेसीआई के सदस्यों ने विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें भी वितरित कीं।

शिक्षा सशक्तिकरण का मूल आधार : विधायक
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने नई रंग-रोगन युक्त कक्षाओं, बेंच-डेस्क और आकर्षक शैक्षिक पेंटिंग्स का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बेहतर और आधुनिक वातावरण मिलने से बच्चों में स्कूल आने के प्रति उत्साह बढ़ेगा। शिक्षा सशक्तिकरण का मूल आधार है। बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में जेसीआई बरेली मैग्नेट सिटी की पहल सराहनीय है।
महिला अध्यक्ष कविता अग्रवाल ने कहा कि समाज की सबसे बड़ी सेवा बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने में योगदान देना है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि पढ़ाई केवल अच्छे अंक हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपने सपनों को पहचानने, सही निर्णय लेने और भविष्य का मार्ग प्रशस्त करने का माध्यम है।
जेसीआई सदस्यों ने 4.5 लाख रुपये जुटाकर कराया जीर्णोद्धार
जेसीआई बरेली मैग्नेट सिटी के अध्यक्ष भरत अग्रवाल ने बताया कि जेसीआई के चार्टर्ड सदस्यों ने निजी सहयोग से करीब 4.5 लाख रुपये जुटाकर केजी-ए और केजी-बी की दो कक्षाओं का जीर्णोद्धार कराया है। उन्होंने इस प्रोजेक्ट में सहयोग के लिए जेसीआई शिवांग ग्रोवर, जेसीआई मदन सूरी, जेसीआई सिद्धांत गुप्ता और जेसीआई शिवम खंडेलवाल का आभार जताया।
प्रधानाचार्या नीलम गंगवार ने विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कैंट विधायक और जेसीआई बरेली मैग्नेट सिटी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सचिव जेसीआई शिवांग ग्रोवर, कोषाध्यक्ष मोहित अग्रवाल, निवर्तमान अध्यक्ष जेसीआई निमिति अग्रवाल, उपाध्यक्ष राघव अग्रवाल सहित जेसीआई बरेली मैग्नेट सिटी के तमाम सदस्य मौजूद रहे।






Leave a Reply