The Voice of Bareilly since 2010

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से हुआ निकाह, अब दहेज में बुलेट की मांग, तीन तलाक की दी धमकी

bareillylive:bareillynews:मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से हुआ निकाह, अब दहेज में बुलेट की मांग, तीन तलाक की दी धमकी

पीड़िता बोली- ‘मुख्यमंत्री जी आपने निकाह कराया, अब तीन तलाक से भी बचा लीजिए’

बरेली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आठ महीने पहले संपन्न हुए एक निकाह में अब दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने शौहर पर दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल मांगने और मांग पूरी न होने पर तीन तलाक देने की धमकी देने का आरोप लगाया है। डरी-सहमी विवाहिता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।


मामला थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र का है। कस्बे की रहने वाली शमशुल निशा, जो पसमांदा समाज से ताल्लुक रखती हैं, इनका निकाह करीब आठ महीने पहले मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत थाना मीरगंज क्षेत्र निवासी इमरान से हुआ था।

पीड़िता के अनुसार, आर्थिक तंगी के कारण उसके माता-पिता शादी कराने में असमर्थ थे, जिसके चलते उन्हें इस सरकारी योजना का लाभ मिला।


शमशुल निशा का आरोप है कि निकाह के कुछ समय बाद उसके शौहर इमरान ने दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग शुरू कर दी। उसने कई बार परिवार की गरीबी का हवाला दिया, लेकिन इसके बावजूद कथित रूप से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसे घर से धक्का देकर निकाल दिया गया।


पीड़िता का यह भी आरोप है कि इमरान ने फोन पर धमकी दी कि यदि बुलेट मोटरसाइकिल नहीं मिली तो वह उसे तीन तलाक दे देगा। इस धमकी के बाद शमशुल निशा अपने मायके में रह रही है और न्याय की गुहार लगा रही है।


शमशुल निशा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए कहा कि सरकार ने गरीब परिवार की बेटी का निकाह कराकर मदद की थी, अब उसे टूटने से भी बचाया जाए। उसने कहा कि वह अपना घर-परिवार बचाना चाहती है और उसके माता-पिता बुलेट मोटरसाइकिल देने में सक्षम नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!