The Voice of Bareilly since 2010

बरेली में मौर्य-सैनी-शाक्य समाज का जुटान, 2027 की रणनीति पर मंथन; सपा को समर्थन का ऐलान

बरेली में मौर्य सैनी शाक्य समाज का जुटान

bareillylive@bareillynews:बरेली। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने सामाजिक समीकरण साधने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में बरेली स्थित सपा कार्यालय में मौर्य, शाक्य और सैनी समाज के गणमान्य लोगों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दोहराया गया।

बैठक में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉ. नवल किशोर शाक्य विशेष रूप से मौजूद रहे। लखनऊ से बरेली पहुंचे डॉ. शाक्य का पार्टी नेताओं और समाज के लोगों ने भव्य स्वागत किया। वह वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में फर्रुखाबाद से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रहे थे। पेशे से कैंसर सर्जन डॉ. शाक्य ने भाजपा सरकार पर पिछड़े और वंचित वर्गों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

‘भाजपा के झूठे वादों में नहीं आएगा मौर्य समाज’

डॉ. नवल किशोर शाक्य ने कहा कि मौर्य समाज अब भाजपा के कथित झूठे वादों में आने वाला नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पिछड़ों और वंचितों के अधिकारों पर हमला कर रही है और केवल वोट बैंक की राजनीति की जा रही है।

उन्होंने कहा कि संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी को मजबूत करना जरूरी है। डॉ. शाक्य ने कहा कि “2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना होगा।”

भाजपा पर महंगाई और बेरोजगारी को लेकर हमला

बैठक की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने की, जबकि संचालन महानगर उपाध्यक्ष गोविंद सैनी ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर निशाना साधा।

शुभलेश यादव ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है और सामाजिक न्याय के मुद्दे की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा सरकार से त्रस्त है।

वहीं, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने भाजपा पर धर्म और विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि धरातल पर विकास दिखाई नहीं दे रहा है और सभी वर्गों का रुख समाजवादी पार्टी की ओर बढ़ रहा है।

डॉ. शाक्य का किया गया भव्य स्वागत

कार्यक्रम के दौरान डॉ. नवल किशोर शाक्य का पार्टी नेताओं और समाज के लोगों ने स्वागत किया। जिला उपाध्यक्ष प्रदीप मौर्य ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाया। जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव और महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने भी अतिथि का अभिनंदन किया।

बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष इंजीनियर अगम मौर्यशिव चरण कश्यप, जिला महासचिव राजकुमार पाल, राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश प्रजापति समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और मौर्य, शाक्य व सैनी समाज के प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।

बैठक के अंत में मौजूद लोगों ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने और पार्टी को सत्ता में लाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!