bareillylive:bareillynews:सरस्वती शिशु मंदिर में मातृ सम्मेलन संपन्न, बच्चों के संस्कार और सर्वांगीण विकास पर दिया गया जोर
बरेली। सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग, बरेली में शनिवार को शिशुओं के सर्वांगीण विकास एवं संस्कार निर्माण के उद्देश्य से मातृ सम्मेलन का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बाल कल्याण समिति की सदस्या पूजा बॉस, कार्यक्रम अध्यक्षा एवं भाजपा प्रदेश मंत्री सुभाषिनी जायसवाल तथा मुख्य वक्ता मंजू अग्रवाल ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार पाण्डेय ने कहा कि बालक के व्यक्तित्व निर्माण में माता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने माताओं से बच्चों में अनुशासन, नियमित अध्ययन, भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों के संस्कार विकसित करने का आह्वान किया। साथ ही अभिभावकों के सुझावों का स्वागत करते हुए समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
मुख्य वक्ता मंजू अग्रवाल ने कहा कि खेलकूद, योग और रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार हैं। उन्होंने माताओं से बच्चों को मोबाइल और फास्ट फूड से दूर रखकर पुस्तक पठन एवं सकारात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने की अपील की।
मुख्य अतिथि पूजा बॉस ने कहा कि मां बच्चे की पहली पाठशाला होती है और बच्चे घर के वातावरण से ही जीवन के संस्कार सीखते हैं। कार्यक्रम अध्यक्षा सुभाषिनी जायसवाल ने कहा कि शिशु घर का दीपक और जग का दिवाकर होता है, इसलिए प्रारंभिक संस्कार उसके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं।
सम्मेलन में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रेरक गीतों और लघु नाटिकाओं से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन नीलम मिश्रा ने किया, जबकि अंत में रामकिशोर श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों एवं मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला समन्वयक सुनील कुमार सिंह पुंडीर, व्यवस्थापक दिनेश मलिक सहित विद्यालय परिवार और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।






Leave a Reply