The Voice of Bareilly since 2010

गृहकर-जलकर वृद्धि के खिलाफ नसीम अहमद का मोर्चा, समाधान दिवस में उठाई जांच की मांग

bareillylive:bareillynews:गृहकर-जलकर वृद्धि के खिलाफ नसीम अहमद का मोर्चा, समाधान दिवस में उठाई जांच की मांग

बहेड़ी, बरेली। नगर पालिका परिषद बहेड़ी द्वारा गृहकर और जलकर में की गई बढ़ोतरी को लेकर पूर्व चेयरमैन पति एवं बहेड़ी विधानसभा से संभावित प्रत्याशी नसीम अहमद ने विरोध का मोर्चा खोल दिया है।

शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उन्होंने प्रशासन को प्रार्थना पत्र सौंपकर कर वृद्धि की समीक्षा कराने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।


नसीम अहमद ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद बहेड़ी ने गृहकर और जलकर की दरों में प्रदेश के अन्य नगर निकायों की तुलना में अत्यधिक वृद्धि की है, जिससे आम नागरिकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उनका कहना है कि बढ़ी हुई कर दरों के कारण आम जनता में असंतोष व्याप्त है और लोग पालिका की कार्यप्रणाली से परेशान हैं।


शिकायती पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे-छोटे मकानों के पंजीकरण और कर निर्धारण के नाम पर लोगों से 25 हजार से 40 हजार रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है। साथ ही कुछ मामलों में लाखों रुपये का वार्षिक गृहकर निर्धारित किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।

उन्होंने इन आरोपों के समर्थन में संबंधित नोटिसों की प्रतियां भी प्रशासन को उपलब्ध कराईं।
नसीम अहमद ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी जिलाधिकारी को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा गृहकर और जलकर की बढ़ी हुई दरों की समीक्षा कर जनता को राहत दी जाए।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि बहेड़ी की जनता के हितों की रक्षा करना है। यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से आगे की रणनीति तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!