bareillylive@bareillynews:भैंस चोरी के मामले में वांछित थे आरोपी, मुठभेड़ में उस्मान के पैर में लगी गोली; दोनों के पास से तमंचे और कारतूस बरामद
बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान पुलिस की दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि पुलिस ने उसके साथी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी मीरगंज भेजा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से तमंचे, कारतूस, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 को थाना मीरगंज पुलिस शांति व्यवस्था, अपराध की रोकथाम और रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध बदमाश भाखड़ा नदी पुल के पास ग्राम नौगवा जाने वाले मार्ग पर मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। रात करीब 2:25 बजे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।
मुठभेड़ के दौरान उस्मान पुत्र नक्शे अली, निवासी खेमपुर, थाना अजीम नगर, रामपुर के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी मीरगंज भेजा। वहीं उसके साथी रईस पुत्र मोहम्मद शाह, निवासी महेशपुरा, थाना भोट, रामपुर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।
दो भैंस चोरी करने की घटना कबूली
पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 5 सितंबर 2026 की सुबह करीब तीन बजे ग्राम नौगांव से दो भैंस चोरी करने की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों के जाग जाने पर आरोपी चोरी की गई भैंसों और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे।
इस मामले में थाना मीरगंज में पहले से मु0अ0सं0 445/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन UP 23 AT 1609 और दोनों भैंस पुलिस द्वारा पूर्व में बरामद की जा चुकी हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में शामिल अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं। पुलिस अब उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
दोनों आरोपियों से तमंचे और कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी उस्मान के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 300 रुपये नकद और एक वीवो मोबाइल फोन बरामद हुआ।
वहीं आरोपी रईस के पास से 12 बोर का एक तमंचा, जिसमें एक राउंड फंसा हुआ था, एक जिंदा कारतूस, 250 रुपये नकद और एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया गया।
मुठभेड़ के संबंध में अलग से अभियोग पंजीकृत कर पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में क्षेत्राधिकारी मीरगंज अजय कुमार की बाइट भी सामने आई है।






Leave a Reply