The Voice of Bareilly since 2010

शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट शिक्षिकाओं का सम्मान, महिला शिक्षक संघ ने बढ़ाया शिक्षिकाओं का हौसला

शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट शिक्षिकाओं

bareillylive@bareillynews:रिठौरा/बरेली। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की बरेली इकाई की ओर से शनिवार को मिडटाउन सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से विद्यालयों में नवाचार और उत्कृष्ट शिक्षण कार्य करने वाली शिक्षिकाओं को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद छत्रपाल गंगवार, अति विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक डा. अजीत गंगवार और बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. विनीता ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

शिक्षक बच्चों के व्यक्तित्व को गढ़ता है : छत्रपाल गंगवार

सांसद छत्रपाल गंगवार ने शिक्षकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक एक कुम्हार की तरह बच्चों के व्यक्तित्व को आकार देता है। वह स्वयं दीपक की तरह जलकर विद्यार्थियों के जीवन से अज्ञानता का अंधकार दूर करने का काम करता है। उन्होंने शिक्षकों के योगदान को समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया।

जिला विद्यालय निरीक्षक डा. अजीत गंगवार ने महिला शिक्षक संघ की ओर से महिला शिक्षकों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। वहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. विनीता ने कहा कि देश की प्रगति में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है और महिलाओं का शिक्षक के रूप में योगदान गौरव की बात है।

उत्कृष्ट शिक्षिकाओं को किया सम्मानित

कार्यक्रम में पूरे जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शिक्षिकाओं के साथ-साथ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में बेहतर कार्य करने वाली शिक्षिकाओं को भी सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित शिक्षिकाओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

विशेष आवश्यकता वाली छात्राओं का भी सम्मान

महिला शिक्षक संघ ने दो विशेष आवश्यकता वाली छात्राओं रिदम शर्मा और सोनाक्षी को भी सम्मानित किया। रिदम शर्मा को प्रेरणादायक अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट बताया गया, जिन्होंने ओलंपिक में तीन स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। वहीं सोनाक्षी ने भी रजत पदक जीतकर उपलब्धि हासिल की है।

कार्यक्रम में छात्राओं का सम्मान करते हुए कहा गया कि उचित अवसर, प्रशिक्षण और सहयोग मिलने पर दिव्यांग खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।

नवाचार के जरिए बेहतर शिक्षण करने वाली शिक्षिकाओं को प्रोत्साहन

महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष राखी सक्सेना ने कहा कि संगठन महिला शिक्षकों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रहा है। इसी क्रम में बरेली जनपद के सभी ब्लॉकों से अपने विद्यालयों में नवाचार के माध्यम से उत्कृष्ट शिक्षण कार्य करने वाली शिक्षिकाओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया है।

जिला महामंत्री संगीता मित्तल ने सभी महिला शिक्षकों का आभार जताते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण की सबसे बड़ी मिसाल शिक्षिकाएं हैं। वे घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ विद्यालय के बच्चों को अपनी संतान की तरह मानकर उनके भविष्य को संवारने का कार्य कर रही हैं।

संयुक्त रूप से हुआ कार्यक्रम का संचालन

कार्यक्रम का संचालन नेहा यादव, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपिका सक्सेना, दीपाशिखा जौहरी, जिला मीडिया प्रभारी मोना सिंह और नीतू अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी भानुशंकर, तौसीफ अहमद, मुकेश भारती, विजय कुमार, पूरन सिंह, सतीश कुमार वर्मा, एसआरजी शैली कपूर, सीमा रानी, मुनेष कुमारी, सुषमा कुमारी, नंदिता सजल, मंजू सोनाक्षी रानी, सुमन माथुर, रेनू गुप्ता, रचना ठाकुर, सीमा कपूर, चंद्रा दियोलिया, सोनाक्षी पाल, शीतल शर्मा, आयुष बंसल तथा आईटीआई कॉलेज से सचिन साहू समेत जिले के विभिन्न संगठनों के अध्यक्ष और ब्लॉकों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!