भारी बारिश के बाद 90 प्रतिशत घरों में भरा दो से चार फुट पानी, हर साल 10 से 15 दिन जलमग्न रहती है कॉलोनी
बरेली। स्टेडियम रोड स्थित सिटी हार्ट कॉलोनी में जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर स्थायी समाधान की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान कॉलोनी जलमग्न हो जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों जगदीश अरोड़ा, दर्शन लाल भाटिया और मिंटू सूरी ने बताया कि सात सितंबर को हुई भारी बारिश के दौरान कॉलोनी के करीब 90 प्रतिशत घरों में दो से चार फुट तक पानी भर गया। बाहर से तेज बहाव के साथ पानी कॉलोनी में घुसने के कारण घरों में रखा सामान खराब हो गया और लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

गंदे पानी से संक्रमण का भी खतरा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश का गंदा पानी घरों और आसपास के क्षेत्र में भर जाने से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोग संक्रमण की चपेट में भी आए। जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों को घरों से बाहर निकलने में भी दिक्कत हुई।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि करीब 150 मकानों वाली सिटी हार्ट कॉलोनी पिछले 15 वर्षों से हर बरसात में 10 से 15 दिनों तक जलमग्न रहती है। लंबे समय से समस्या बनी होने के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
सड़क निर्माण के साथ ड्रेनेज व्यवस्था बनाने का सुझाव
स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्तमान में विधायक निधि से कॉलोनी में सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। उनका कहना है कि इसी दौरान यदि ड्रेनेज पाइप, पिट और सकिंग पंप की व्यवस्था कर दी जाए तो दोनों गेटों से बारिश के पानी को मुख्य नाले तक पहुंचाया जा सकता है।
क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने के लिए संबंधित विभागों को तत्काल निर्देश दिए जाएं, ताकि हर साल बारिश के दौरान लोगों को जलभराव की समस्या से न जूझना पड़े।
शिकायत करने वालों में जगदीश अरोड़ा, दर्शन लाल भाटिया, मिंटू सूरी, गुरकीरत सिंह, परमजीत सिंह, राम अरोड़ा सहित अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।






Leave a Reply