bareillylive:bareillynews:भमोरा में बिजली संकट गहराया, कटौती और जर्जर 33 केवी लाइन से 114 गांवों की आपूर्ति ठप, ग्रामीणों ने किया बिजलीघर का घेराव
(बरेली) भमोरा । भमोरा क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और जर्जर विद्युत लाइनें लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई हैं। पिछले एक सप्ताह से रोस्टिंग और ब्रेकडाउन के नाम पर हो रही अंधाधुंध बिजली कटौती से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने बल्लिया बिजलीघर का घेराव कर विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
वहीं, 33 केवी लाइन के दो स्थानों पर तार टूटने से करीब 114 गांवों की बिजली लगभग पांच घंटे तक बाधित रही, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
किसान यूनियन नेता रामाशंकर उपाध्याय, राय सिंह, धर्मवीर, रंजीत, सोनू तथा पूर्व प्रधान मुन्ना सिंह समेत ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है।
उनका कहना है कि रात में बिजली गुल होने पर कभी रोस्टिंग, कभी मेन लाइन में ब्रेकडाउन तो कभी तार टूटने का हवाला देकर घंटों आपूर्ति बंद रखी जाती है। ग्रामीणों ने कुछ कर्मचारियों पर मनमाने ढंग से बिजली आपूर्ति करने और चुनिंदा गांवों को प्राथमिकता देने का भी आरोप लगाया।
इधर, सेंधा स्थित नदी पुल के पास आंवला से आने वाली 33 केवी लाइन का तार टूटने के बाद मरम्मत के लिए बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी। इसके बाद सुबह इफ्को के समीप भी 33 केवी लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिर गया, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। बिजली विभाग की टीम ने पहले सड़क से तार हटाकर आवागमन सुचारु कराया और बाद में लाइन की मरम्मत कर सुबह 11:49 बजे आपूर्ति बहाल की।
घेराव की सूचना पर थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इस दौरान जूनियर इंजीनियर शैलश सिंह ने क्षेत्र में बेहतर और अधिकतम बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
वहीं जूनियर इंजीनियर विजय प्रताप ने बताया कि इफ्को क्षेत्र में करीब दो किलोमीटर लंबी 33 केवी लाइन के तार जर्जर हो चुके हैं और अधिक लोड पड़ने पर बार-बार टूट रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लाइन बदलने के लिए उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।





Leave a Reply