The Voice of Bareilly since 2010

जिला जेल की सुलेख प्रतियोगिता में बंदी साहिल प्रथम, राशिद द्वितीय व कृष्ण कुमार तृतीय

जिला जेल की सुलेख प्रतियोगिता

Bareillylive : जिला कारागार, बरेली में बंदियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित सुलेख प्रतियोगिता में बंदी साहिल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बंदी राशिद द्वितीय तथा कृष्ण कुमार तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बंदियों को कोमल फाउंडेशन, फिरोजाबाद के अध्यक्ष अश्विनी कुमार भदौरिया की ओर से उपलब्ध कराए गए प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

जिला कारागार में भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत निरक्षर बंदियों को पढ़ना-लिखना सिखाने का कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में कारागार में 50 निरक्षर बंदियों को साक्षर बनाया जा रहा है, जिनमें पांच महिला बंदी भी शामिल हैं। ये नवसाक्षर बंदी 20 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली नवसाक्षर परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा में सफल होने वाले बंदियों को शिक्षा मंत्रालय की ओर से प्रमाणपत्र दिया जाएगा। नवभारत साक्षरता कार्यक्रम को केंद्र प्रायोजित योजना के रूप में भी जाना जाता है।

अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में 50 नवसाक्षर बंदियों ने सुलेख प्रतियोगिता में भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बरेली की सचिव श्रीमती जया प्रियदर्शिनी रहीं। उन्होंने बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि जेल में समय को व्यर्थ न गंवाएं, बल्कि पढ़-लिखकर बेहतर इंसान बनने का संकल्प लेकर समाज की मुख्यधारा में लौटें।

कार्यक्रम में बरेली निवासी सेवानिवृत्त जेल अधीक्षक मोहम्मद अकरम खां का विशेष मार्गदर्शन रहा। कारागार प्रशासन द्वारा श्री पी.सी. मीणा के निर्देशन में बंदियों की शिक्षा, सुधार, कौशल विकास और पुनर्वास के लिए विविध गतिविधियां संचालित कराई जा रही हैं। इसी क्रम में निरक्षर बंदियों के लिए साक्षरता कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है।

जेल अधीक्षक आलोक कुमार शुक्ला ने कहा कि बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शीघ्र ही व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास के कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। इससे रिहाई के बाद वे रोजगार से जुड़ सकेंगे और सम्मानपूर्वक जीवन जी सकेंगे।

कार्यक्रम का संचालन जेल अधीक्षक आलोक कुमार शुक्ला ने किया, जबकि जेलर सुशील कुमार वर्मा ने अतिथियों एवं स्वयंसेवी संस्था के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डिप्टी जेलर राघवेन्द्र सिंह वर्मा, वीरेश्वर प्रताप सिंह, सौमित्रदेव त्रिपाठी, देवदत्त, फार्मासिस्ट यादवेन्द्र मोहन, वरिष्ठ सहायक राजीव त्यागी, कनिष्ठ सहायक राहुल मिश्रा, शिक्षाध्यापक संजीव गंगवार, चीफ हेड वार्डर रामगोपाल सिंह तथा जेल वार्डर अशोक कुमार शुक्ला सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!