The Voice of Bareilly since 2010

रामनगर–देहरादून द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस का शुभारंभ, 5 अगस्त से होगा नियमित संचालन

bareillylive”bareillynews:रामनगर–देहरादून द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस का शुभारंभ, 5 अगस्त से होगा नियमित संचालन

बरेली। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रामनगर रेलवे स्टेशन से गाड़ी संख्या 05014 को हरी झंडी दिखाकर रामनगर–देहरादून–रामनगर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस सेवा का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी तथा विधायक दीवान सिंह बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे तेजी से आधुनिक और सशक्त बन रही है। उन्होंने बताया कि नई रेल सेवा से कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा तथा छात्रों, किसानों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मुरादाबाद और हरिद्वार रेलखंड की क्षमता बढ़ाने का कार्य तेजी से चल रहा है, जिसके पूरा होने पर उत्तराखंड को और नई रेल सेवाएं मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस रेल सेवा को राज्य के विकास की नई जीवनरेखा बताते हुए कहा कि इससे पर्यटन, व्यापार और धार्मिक यात्राओं को बढ़ावा

मिलेगा। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में रेलवे अवसंरचना के विकास के लिए वर्ष 2026-27 में 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट मिला है तथा करीब 29 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने अतिथियों का स्वागत किया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।


रेलवे के अनुसार, रामनगर–देहरादून–रामनगर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन 5 अगस्त 2026 से प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को होगा। यह ट्रेन रामनगर, काशीपुर, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी तथा वापसी में इसी मार्ग से संचालित की जाएगी। इससे यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!