bareillylive:bareillynews:राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की रूहेलखंड आंचलिक कार्यशाला संपन्न
बरेली। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के तत्वावधान में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद, नई दिल्ली तथा इंडियन साइंस कम्युनिकेशन सोसाइटी, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) की रूहेलखंड आंचलिक कार्यशाला का आयोजन श्री गुलाब राय इंटर कॉलेज, बरेली में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित आंचलिक विज्ञान समन्वयक डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि एस.एन. मिश्रा, सहायक सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद बरेली ने विद्यार्थियों से स्थानीय समस्याओं के वैज्ञानिक एवं नवाचारी समाधान खोजने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि आईवीआरआई के न्यूट्रिशन विशेषज्ञ डॉ. डी.सी. शुक्ला ने बच्चों के समग्र विकास में पोषण और स्वास्थ्य की भूमिका पर प्रकाश डाला। मुख्य राज्य विज्ञान अन्वेषक डॉ. वी.पी. सिंह ने बाल विज्ञान परियोजनाओं की तकनीकी जानकारी दी।
वहीं राज्य समन्वयक दीपक शर्मा ने राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की परियोजनाओं और विभिन्न उप-विषयों पर विस्तार से चर्चा कर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यशाला में बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, अमरोहा और संभल सहित नौ जिलों के जिला एवं अकादमिक समन्वयकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक सोच विकसित करने, शोध परियोजनाओं के निर्माण तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य डॉ. एस.पी. पांडेय ने की तथा संचालन आंचलिक समन्वयक डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने किया।






Leave a Reply