bareillylive@bareillynews:बरेली। राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के प्रायोजन में मंडल स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी-2026 का आयोजन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बरेली में किया गया। संगोष्ठी का विषय “भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047: संभावनाएं एवं चुनौतियां” रहा। प्रतियोगिता में बरेली मंडल के चारों जनपदों से कक्षा 8 से 10 तक के प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त शिक्षा निदेशक बरेली मंडल रामाज्ञा कुमार, सह जिला विद्यालय निरीक्षक बरेली जसवंत सिंह, प्रधानाचार्य/जिला विज्ञान समन्वयक देवेंद्र कुमार, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य नीतू सक्सेना एवं उप प्रधानाचार्य अनु पाराशरी ने किया।
संयुक्त शिक्षा निदेशक ने बढ़ाया छात्रों का उत्साह
संयुक्त शिक्षा निदेशक रामाज्ञा कुमार ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं सह जिला विद्यालय निरीक्षक जसवंत सिंह ने भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047 की संभावनाओं और चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत शोध कार्य की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
रोशनी ने हासिल किया पहला स्थान, सान्या रहीं दूसरे स्थान पर
मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में डा. सुदामा प्रसाद बाल विद्या मंदिर कन्या इंटर कॉलेज, शाहजहांपुर की छात्रा रोशनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं केसर इंटर कॉलेज, बरेली की छात्रा सान्या ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
दोनों छात्राएं अब 11 सितंबर 2026 को राज्य विज्ञान शिक्षण संस्थान, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में बरेली मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगी।
निर्णायक मंडल में ये रहे शामिल
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में केडीईएम इंटर कॉलेज की प्रवक्ता मोना शर्मा, राजकीय इंटर कॉलेज बरेली के प्रवक्ता वीर बहादुर, एमबी इंटर कॉलेज के प्रवक्ता उपेंद्र सिंह सिरोही तथा राजकीय इंटर कॉलेज की प्रवक्ता नमिता त्रिपाठी शामिल रहीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्य नीतू सक्सेना ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं प्रधानाचार्य एवं जिला विज्ञान समन्वयक देवेंद्र कुमार ने उपस्थित अधिकारियों, विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका दिव्या अग्निहोत्री ने किया। भौतिक विज्ञान प्रवक्ता रजनी सिंह एवं गणित प्रवक्ता योगिता सक्सेना ने कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियां पूरी कर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके अतिरिक्त नेहा बंसल, आंचल चौहान, रश्मि श्रीवास्तव, एकता शर्मा, अर्चना त्रिवेदी, प्रीति गुप्ता और अमनजोत कौर का भी विशेष सहयोग रहा।






Leave a Reply