The Voice of Bareilly since 2010

सौ फीटा तिराहा बनेगा ‘शिव नाद चौक’, त्रिशूल-डमरू की भव्य कलाकृति से सजेगा चौराहा

सौ फीटा तिराहा बनेगा ‘शिव नाद चौक

bareillylive@bareillynews:बरेली। नाथ कॉरिडोर के समग्र विकास की दिशा में बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप सौ फीटा तिराहे को ‘शिव नाद चौक’ के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। आयुक्त एवं जिलाधिकारी, बरेली के निर्देशन में प्रस्तावित इस परियोजना में यातायात सुधार के साथ चौराहे का व्यापक सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

सौ फीटा तिराहा नाथ कॉरिडोर का महत्वपूर्ण मिलन-बिंदु है, जहां आदिनाथ चौक और त्रिलोकी चौक की ओर से आने वाले मार्ग जुड़ते हैं। चौक की केंद्रीय रोटरी पर त्रिशूल और डमरू की भव्य संयुक्त कलाकृति स्थापित की जाएगी, जो नाथ परंपरा और भगवान शिव के नाद का प्रतीक बनेगी।

यातायात सुधार के साथ होगा सौंदर्यीकरण

तिराहे पर यातायात दबाव के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है। प्रस्तावित योजना में यातायात को व्यवस्थित और सुगम बनाने के साथ आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, हरित पट्टियां, मौसमी फूल, सजावटी पौधे और लैंडस्केपिंग विकसित की जाएगी। इससे चौक दिन में हरित-पुष्पीय सौंदर्य और रात में रोशनी से आकर्षक नजर आएगा।

इसके अलावा सैटेलाइट क्षेत्र से इज्जतनगर बैरियर चौकी तक मार्ग के चौड़ीकरण और यातायात सुधार की भी योजना है। बीडीए ने इसका सर्वेक्षण और तकनीकी परीक्षण कराया है तथा प्रस्तावित कार्यों का तकनीकी आकलन किया जा रहा है।

100 फीट लंबी दीवार पर दिखेगी विकास की गाथा

शिव नाद चौक पर करीब 100 फीट लंबी ‘विकास गाथा दीवार’ भी बनाई जाएगी। इसमें ग्रेटर बरेली योजना, रामगंगा नगर योजना, सप्त नाथ ईको सिटी, कैनाल फ्रंट, जटायु पार्क सहित बीडीए की प्रमुख विकास एवं पर्यटन परियोजनाओं को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा।

बीडीए की उपाध्यक्ष सौम्या पांडे, आईएएस ने कहा कि नाथ कॉरिडोर बरेली की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण क्षेत्र है। ‘शिव नाद चौक’ का उद्देश्य बेहतर यातायात सुविधा, सुंदर एवं सुव्यवस्थित वातावरण और बरेली की विशिष्ट पहचान को एक साथ सामने लाना है। उन्होंने कहा कि नाथ कॉरिडोर का विकास मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप आयुक्त एवं जिलाधिकारी के निर्देशन में किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!