bareillylive:bareillynews:बरेली। पीलीभीत के राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल मंगलवार सुबह खून से रंग गया।
पैरामेडिकल छात्र सागर सिंह ने अपनी सहपाठी कशिश पटेल पर सीटी स्कैन रूम के अंदर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्रा को पहले जिला अस्पताल और फिर बरेली रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
छात्रा को बचाने दौड़ी महिला कर्मचारी भी हमले में घायल हो गई। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और मेडिकल कॉलेज परिसर में छात्राओं ने धरना शुरू कर दिया।
मंगलवार सुबह करीब आठ बजे जिला अस्पताल परिसर स्थित सीटी स्कैन रूम में दोनों छात्र मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी सागर सिंह ने अचानक चाकू निकालकर कशिश पटेल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमला इतना अचानक था कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं सके। कुछ ही सेकेंड में सीटी स्कैन रूम चीख-पुकार से गूंज उठा और छात्रा लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
छात्रा की जान बचाने के लिए आगे आई सीटी स्कैन विभाग की महिला कर्मचारी निधि को भी आरोपी ने नहीं छोड़ा। उसने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। इस घटना के बाद अस्पताल में भगदड़ मच गई और मरीजों व तीमारदारों में दहशत फैल गई।
बरेली में टूटी जिंदगी की डोर
गंभीर हालत में कशिश पटेल को पहले जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे तत्काल बरेली रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा घेरे में एंबुलेंस रवाना की, लेकिन बरेली में इलाज के दौरान डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
उपचार के दौरान कशिश ने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद अस्पताल कर्मचारियों और अन्य लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी सागर सिंह को मौके पर ही घेर लिया। उसे भागने का मौका नहीं मिला। कर्मचारियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रेम प्रसंग की एंगल पर जांच
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला प्रेम प्रसंग या एकतरफा प्रेम से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। घटना से गुस्साए पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं ने मेडिकल कॉलेज परिसर में धरना शुरू कर दिया।
उनका आरोप है कि अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है। छात्रों ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परिसर में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
पिता बोले- नहीं पता मेरी बेटी की क्या गलती थी
मृतका कशिश पटेल के पिता रोहिदास पटेल, जो बरेली के भुता थाना क्षेत्र के गांव केसरपुर के निवासी हैं, ने बताया कि उनकी बेटी पिछले एक वर्ष से पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी और हॉस्टल में रहती थी। उन्होंने कहा कि परिवार को अभी तक यह नहीं पता कि आखिर उनकी बेटी की हत्या क्यों की गई। उन्हें केवल इतना बताया गया कि किसी विवाद के बाद आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया।
कशिश की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बरेली में पोस्टमार्टम के दौरान मां गिरिजा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार में कशिश के अलावा एक बहन और एक भाई हैं। पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटी की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।






Leave a Reply