The Voice of Bareilly since 2010

स्मार्ट सिटी का सफाई अभियान: रोबोटिक क्लीनर व ऑटो टिपर से होगा वैज्ञानिक निस्तारण

Bareillylive : प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम द्वारा खरीदे गए 60 अत्याधुनिक स्वच्छता वाहनों को सर्किट हाउस से हरी झंडी दिखाकर शुभारम्भ किया। इन वाहनों में 06 रोबोटिक मैनहोल सीवर क्लीनिंग मशीनें, 02 स्किड लोडर, 50 सीएनजी ऑटो टिपर तथा 02 बैकहो लोडर शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस इन वाहनों के संचालन से नगर की साफ-सफाई व्यवस्था और प्रभावी, सुरक्षित एवं त्वरित होगी तथा मानव श्रम पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में नागरिकों की सहभागिता पर बल दिया।

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि रोबोटिक मैनहोल सीवर क्लीनिंग मशीन भारत की पहली रोबोटिक स्कैवेंजर है, जो स्वच्छ भारत मिशन और मेक इन इंडिया के तहत बंदीकूत मोबिलिटी मैनहोल में मानव प्रवेश की आवश्यकता को समाप्त करती है। यह मशीन पकड़ने, उठाने और फावड़े जैसी बहु-क्रियाशील क्षमताओं के साथ मैनहोल के अंदर 360° डिग्री सफाई करती है, जिससे सीवर सफाई में सुरक्षा और दक्षता दोनों सुनिश्चित होंगी। स्किड लोडर का उपयोग ड्रेन सिल्ट उठाने व माइक्रो लेवल सफाई के लिए किया जाएगा, जबकि बैकहो लोडर नाला सफाई कार्यों में सहायक होंगे।

50 सीएनजी ऑटो टिपर द्वारा डोर-टू-डोर कूड़ा संकलन को व्यवस्थित किया जाएगा ताकि प्रतिदिन घरों से उत्पन्न कूड़ा चार श्रेणियों — गीला (हरा), सूखा (नीला), स्पेशल केयर वेस्ट (काला) एवं सैनेट्री वेस्ट (लाल) — में प्रभावी रूप से वर्गीकृत कर उठाया जा सके। नगर निगम ने यह खरीद स्वच्छ भारत मिशन 1.0 के तहत नाला और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से की है।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस प्रांगण में बेल के पौधे का रोपण भी किया। इसके साथ ही दीप चैरिटेबल ट्रस्ट, बरेली की मोबाइल नेत्र चिकित्सा सेवा वैन का उद्घाटन भी किया गया, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण योगदान देगी। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि आधुनिक उपकरणों और नागरिक सहभागिता से नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी और शहर की साफ-सफाई एवं निस्तारण प्रणाली में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!