The Voice of Bareilly since 2010

शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर बहेड़ी में स्कूलों और मदरसों में पहुंची सपा, दानिश अख़्तर के लिए मांगा समर्थन

शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर बहेड़ी

Bareillylive : बरेली-मुरादाबाद मंडल शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने बहेड़ी क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सपा के चुनाव प्रभारी संजीव कुमार सक्सेना, ठाकुर प्रमोद सिंह बिष्ट और कंट्रोल रूम प्रभारी हैदर अली ने बहेड़ी स्थित पार्टी कार्यालय पर बैठक कर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की।

बैठक में पार्टी प्रत्याशी मोहम्मद दानिश अख़्तर के समर्थन में अधिक से अधिक शिक्षकों से संपर्क करने और उन्हें पार्टी की नीतियों से अवगत कराने का आह्वान किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक समाज की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझते हुए चुनाव अभियान को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए। कार्यकर्ताओं से शिक्षक मतदाताओं के बीच लगातार जनसंपर्क बनाए रखने की अपील की गई।

बैठक के बाद सपा नेताओं ने बहेड़ी क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों और मदरसों का दौरा किया। इस दौरान शिक्षकों तथा शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोगों से मुलाकात कर शिक्षक एमएलसी चुनाव के महत्व की जानकारी दी गई। नेताओं ने पार्टी प्रत्याशी मोहम्मद दानिश अख़्तर के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

चुनाव प्रभारी संजीव कुमार सक्सेना ने कहा कि शिक्षक समाज की आवाज को विधान परिषद तक मजबूती से पहुंचाने के लिए दानिश अख़्तर को समर्थन देना जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों से अपने बीच के साथी को चुनने की अपील की।

प्रभारी ठाकुर प्रमोद सिंह बिष्ट ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शिक्षकों के बीच से प्रत्याशी बनाकर शिक्षक समाज का सम्मान बढ़ाया है। अब शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने साथी को अपनी आवाज बनाकर विधान परिषद भेजें।
कंट्रोल रूम प्रभारी हैदर अली ने कहा कि सपा ने सरकार बनने पर पुरानी पेंशन बहाल करने, बायोमेट्रिक व्यवस्था के नाम पर शिक्षकों का उत्पीड़न समाप्त करने, वित्तविहीन शिक्षकों को पांच हजार रुपये मानदेय देने और तीन लाख शिक्षकों की नियुक्ति का वादा किया है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख वफ़ा उर रहमान ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए दानिश अख़्तर की जीत का दावा किया।

सभा का संचालन सपा नगर अध्यक्ष मोहम्मद नासिर रज़ा खां ने किया। इस अवसर पर सरदार इकबाल सिंह चीमा, चौधरी ब्रिजेंद्र सिंह, मोहम्मद कामिल, भजन लाल मौर्य, राजू मौर्य, राजकुमार गंगवार, राजेंद्र शर्मा, अयाज मलिक, गजेंद्र यादव, सरदार सर्वदयाल सिंह, सोवरन सिंह और छत्रपाल गंगवार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!