The Voice of Bareilly since 2010

तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, तीन युवक गंभीर घायल; एक की हालत नाजुक

bareillylive:bareillynews:तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, तीन युवक गंभीर घायल; एक की हालत नाजुक


अलीगंज से लौटते समय हुआ हादसा, कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार


बिशारतगंज (बरेली)। थाना बिशारतगंज क्षेत्र में गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझगवां पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बलेई भगवंतपुर निवासी पन्नालाल पुत्र रामबाबू, अर्जुन पुत्र मुकुट बिहारी और उनके साथ बुआ का बेटा अनुराग पुत्र हरिकेश निवासी रामनगर (आंवला) अलीगंज स्थित स्विमिंग पूल में नहाकर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कुंडरिया खुर्द गांव के पास बिशारतगंज-अलीगंज मार्ग पर पहुंची, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी मझगवां भेजा। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए तीनों को बरेली रेफर कर दिया। इनमें अनुराग की हालत सबसे अधिक गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हल्का इंचार्ज एसआई यशपाल ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है तथा घायलों को बेहतर इलाज के लिए बरेली भेजा गया है। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!