शिक्षकों ने साझा किए एआई के अनुभव, बरेली की सराहना
बरेली@bareillylive:बरेली उत्तर प्रदेश शैक्षिक नवाचार एसोसिएशन के तत्वावधान में शाहजहांपुर में ‘आईसीटी एवं एआई’ विषय पर एक दिवसीय शैक्षिक नवाचार कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रदेश भर से आए प्रतिभागियों ने शिक्षा के क्षेत्र में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के नवाचारों का प्रभावी प्रस्तुतीकरण किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, राज्य सभा सांसद मिथिलेश कुमार, विधायक ददरौल अरविंद सिंह ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर उत्कृष्ट प्रतिभागी सम्मानित किये गये। बरेली की अध्यापिका का नवाचार सराहनीय रहा।
विशेषज्ञों का मिला मार्गदर्शन :
कार्यशाला में शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यशाला के दौरान विभिन्न जनपदों से आए प्रतिभागी शिक्षकों ने इस बात का व्यावहारिक प्रदर्शन किया कि कैसे वे अपनी कक्षाओं में आईसीटी टूल्स और एआई तकनीक का उपयोग कर शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक, सरल और प्रभावी बना रहे हैं। शैक्षिक नवाचार एसोसिएशन उप्र के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों के नवाचारी प्रयासों की सराहना की।
उत्कृष्ट प्रतिभागी सम्मानित : कार्यक्रम के समापन सत्र में I उत्कृष्ट प्रस्तुतीकरण देने वाले सभी शिक्षकों तथा प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
बरेली की अध्यापिका सुनीता रानी का नवाचार सराहनीय :
कार्यशाला में बरेली से आई अध्यापिका सुनीता रानी के नवाचार की विशेष रूप से सराहना की गई। उनके नवाचार केवल अपने विद्यालय तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके नवाचार राज्य स्तर पर भी किए जा रहे हैं। वे बरेली से लेकर एससीईआरटी तक नवाचार में प्रतिभाग कर चुकी हैं। सुनीता रानी उच्च प्राथमिक विद्यालय केसरपुर, बिथरी चैनपुर में तैनात हैं।

यह खास लोग रहे उपस्थित
एडीएम अरविन्द कुमार, प्रो. डॉ. पवन कुमार चौरसिया (सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग, बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय, लखनऊ)
प्रो. डॉ. करुणेश कुमार सिंह (अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ) प्रो. डॉ. विकास खुराना आदि।
बरेली@BareillyLive:






Leave a Reply