The Voice of Bareilly since 2010

हिंदी दिवस पर शिक्षिका की साहित्यिक उपलब्धि को मिली नई पहचान, भारत के प्रमुख राजनेता’ का विमोचन

हिंदी दिवस पर शिक्षिका की साहित्यिक

बरेली@BareillyLive: केशलता इंटरनेशनल स्कूल, बरेली में हिंदी दिवस के अवसर पर विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की उपप्रधानाचार्या डॉ. निशा शर्मा द्वारा रचित पुस्तक ‘भारत के प्रमुख राजनेता’ का गरिमापूर्ण विमोचन विद्यालय की निदेशिका डॉ. लता अग्रवाल ने किया। पुस्तक विमोचन के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री ममतेश माहेश्वरी, प्रशासक सुधांशु शर्मा, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए निदेशिका डॉ. लता अग्रवाल ने डॉ. निशा शर्मा को उनकी साहित्यिक एवं शैक्षिक उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, विचारों, मूल्यों और राष्ट्रीय अस्मिता की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘भारत के प्रमुख राजनेता’ पुस्तक विद्यार्थियों को देश के प्रमुख राजनीतिक व्यक्तित्वों, उनके विचारों तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान को समझने में उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान करेगी।

प्रधानाचार्य श्री ममतेश माहेश्वरी एवं प्रशासक सुधांशु शर्मा ने भी डॉ. निशा शर्मा को पुस्तक लेखन और प्रकाशन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का रचनात्मक लेखन विद्यार्थियों में अध्ययन, चिंतन और सृजनात्मक अभिव्यक्ति की भावना विकसित करता है। शिक्षकों द्वारा साहित्यिक क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी हैं।

डॉ. निशा शर्मा ने पुस्तक के विमोचन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस कृति के माध्यम से देश के प्रमुख राजनेताओं के व्यक्तित्व, विचारधारा और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और युवा पाठकों को देश के राजनीतिक इतिहास एवं नेतृत्व से परिचित कराना पुस्तक का प्रमुख उद्देश्य है।

समारोह में हिंदी दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। पुस्तक विमोचन ने कार्यक्रम को और अधिक विशेष, प्रेरणादायी एवं गरिमामय बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!